
परिजनों की संवेदनशील पहल से दो नेत्रदान सम्पन्न, गीता भवन न्यास बड़नगर के डॉ. जी.एल. दादरवाल ने रतलाम पहुंचकर किया कॉर्निया संग्रहण
रतलाम। किसी अपने के असमय चले जाने का दुःख अपार होता है, लेकिन दुःख की इस घड़ी में भी यदि परिवार मानवता और परोपकार का निर्णय ले, तो वह दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला भर सकता है। ऐसा ही प्रेरणादायी उदाहरण नेत्रम संस्था के प्रयासों से सामने आया, जहां दो परिवारों की सहमति से दो नेत्रदान सम्पन्न हुए। इन नेत्रदानों से चार दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद जगी है।
पहला नेत्रदान – प्रेमबाई सोनी
सीतलामाता गली निवासी स्व. ईश्वरलाल सोनी की धर्मपत्नी श्रीमती प्रेमबाई सोनी के असामयिक निधन के पश्चात त्रिभुवनेश भारद्वाज की प्रेरणा से उनके पौत्र चंचल सोनी, दुष्यंत सोनी एवं परिजनों ने नेत्रदान की सहमति प्रदान की। परिवार के इस पुनीत निर्णय से दो जरूरतमंद व्यक्तियों को नई दृष्टि मिलने की उम्मीद बनी है।
दूसरा नेत्रदान – नीलिमा नारले
टैगोर कॉलोनी, अलकापुरी निवासी श्रीप्रसाद नारले की धर्मपत्नी श्रीमती नीलिमा नारले के असामयिक निधन के पश्चात सुशील मीनू माथुर, दीपेश वाफगांवकर एवं मिलिंद की प्रेरणा से उनके पुत्र आयुष नारले, जयति नारले पाठक एवं परिजनों ने नेत्रदान की सहमति प्रदान कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
नेत्रम संस्था के हेमन्त मूणत ने बताया कि दोनों परिवारों से नेत्रदान की सहमति प्राप्त होते ही गीता भवन न्यास बड़नगर के ट्रस्टी एवं नेत्रदान प्रभारी डॉ. जी.एल. दादरवाल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डॉ. दादरवाल तत्काल बड़नगर से रतलाम पहुंचे और दोनों दिवंगतों के कॉर्निया का संग्रहण किया।
नेत्रदान के दौरान त्रिभुवनेश भारद्वाज, अमितेश निगम, दीपेश वाफगांवकर, मिलिंद, संदीप, सतीश, विजय, हेमन्त मूणत, सुशील मीनू माथुर, शिवम माथुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नेत्रम संस्था एवं गीता भवन न्यास बड़नगर की ओर से दोनों परोपकारी परिवारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके इस अनुकरणीय निर्णय की सराहना की गई।
नेत्रदान का संदेश: मृत्यु के बाद भी किसी की आंखों से दुनिया देखी जा सकती है। नेत्रदान केवल दो व्यक्तियों को दृष्टि देने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का अमूल्य उपहार है। आइए, नेत्रदान के प्रति जागरूक बनें और इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं।