हस्तीमल लोढ़ा का नेत्रदान बना मानवता की प्रेरणादायक मिसाल

परिजनों की संवेदनशील पहल से दो जरूरतमंदों के जीवन में आएगा उजियारा, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही नेत्रदान के प्रति जागरूकता

सैलाना। किसी अपने के चले जाने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, लेकिन दुःख की इसी घड़ी में यदि परिवार मानवता और समाजसेवा का निर्णय ले, तो वह निर्णय दिवंगत व्यक्ति की स्मृति को हमेशा के लिए अमर बना देता है। ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण सैलाना निवासी हस्तीमल लोढ़ा के निधन के पश्चात उनके परिजनों ने प्रस्तुत किया।
नेत्रदान के इस पुनीत कार्य के लिए अर्पित राका, राजेश लोढ़ा एवं सम्यक राका ने परिजनों को प्रेरित किया। उनके प्रयासों से पुत्र पंकज लोढ़ा, रूपेश (तेजू) लोढ़ा, पुत्री विनीता लोढ़ा (महिला एवं बाल विकास अधिकारी) सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने नेत्रदान के लिए सहमति प्रदान की।
परिवार के इस संवेदनशील निर्णय से हस्तीमल लोढ़ा की आंखों से दो जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद जगी है। परिजनों ने दुःख की घड़ी में नेत्रदान का निर्णय लेकर समाज को यह संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उजाला लाया जा सकता है।
नेत्रम संस्था के हेमंत मूणत ने बताया कि नेत्रदान की सहमति मिलते ही गीता भवन न्यास, बड़नगर के ट्रस्टी एवं नेत्रदान प्रभारी डॉ. जी. एल. दादरवाल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डॉ. दादरवाल तत्काल बड़नगर से सैलाना पहुंचे और नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई। इस अवसर पर विजय दोषी, आशीष लोढ़ा, रूपेश लोढ़ा, अनिल चंडालिया, सिद्धार्थ संघवी सहित अनेक स्नेहीजन एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही नेत्रदान के प्रति जागरूकता, मेडिकल कॉलेज से वाहन सुविधा की मांग
नेत्रम संस्था के हेमंत मूणत ने बताया कि अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी नेत्रदान के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। सैलाना के हस्तीमल लोढ़ा का नेत्रदान इसका प्रेरणादायक उदाहरण है। ग्रामीण परिवार भी नेत्रदान के महत्व को समझते हुए इस पुनीत कार्य के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से आग्रह किया कि नेत्रदान के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली समर्पित वाहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्रदान की सहमति मिलने के बाद मेडिकल टीम को दिवंगत के निवास तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था करना चुनौती बन जाता है। कई अवसरों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं को अपने स्तर पर वाहन की व्यवस्था करनी पड़ती है।
यदि मेडिकल कॉलेज द्वारा नेत्रदान के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराया जाता है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल टीम समय पर पहुंच सकेगी और अधिक से अधिक नेत्रदान संपन्न हो सकेंगे। यह व्यवस्था नेत्रदान अभियान को नई गति देने के साथ ही जरूरतमंद लोगों तक रोशनी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नेत्रदान—मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में नई सुबह
हस्तीमल लोढ़ा के परिवार ने दुःख की घड़ी में जो निर्णय लिया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। नेत्रदान केवल आंखों का दान नहीं, बल्कि दो जरूरतमंद व्यक्तियों को दुनिया देखने का अवसर देने का माध्यम है।
नेत्रम संस्था ने आमजन से अपील की कि अपने परिवार में नेत्रदान के प्रति जागरूकता लाएं और मृत्यु के पश्चात नेत्रदान का संकल्प लेकर इस महान मानवीय अभियान से जुड़ें, क्योंकि आपकी आंखें किसी के जीवन में नई सुबह बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *