जिला स्तरीय जनसुनवाई में 54 आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए

रतलाम । जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत, एसडीएम श्री शुक्ला, एसडीएम रतलाम ग्रामीण कृतिका भीमावत द्वारा 54 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग को निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम आक्यादेह तहसील पिपलौदा निवासी पार्वती पति भंवरलाल प्रजापति ने बताया कि प्रार्थिया आंगनवाडी केन्द्र क्र.1 में सहायिका के पद पर पदस्थ है तथा प्रार्थिया को 6 माह पूर्व ही बगैर किसी सूचना दिए अनुचित तरीके से सेवानिवृत्त कर दिया गया है। विभाग द्वारा प्रार्थिया की सेवानिवृत्ति की उम्र 62 वर्ष दर्शाई गई है जबकि आधार कार्ड तथा मतदाता परिचय पत्र के आधार पर प्रार्थिया की उम्र 55 वर्ष हो रही है। इस सम्बन्ध में विभाग से जानकारी चाही गई तो बताया कि गया कि एमआईएस के आधार पर सेवानिवृत्ति की गई है। जब मुझ प्रार्थिया द्वारा एमआईएस की जानकारी प्राप्त करना चाही तो मुझे जानकारी नहीं दी जा रही है। प्रकरण निराकरण हेतु महिला बाल विकास विभाग को प्रेषित किया गया है।
सुभाष नगर निवासी नूरजहां पति मलंग शाह ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया का मकान सुभाष नगर में स्थित है। सुभाष नगर में फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण होने से प्रार्थिया के मकान का सर्वे किया जाकर सर्वे नं. 105 के आधार पर अवार्ड पारित किया गया था परन्तु आज दिनांक तक प्रार्थिया को मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है। कृपया मुआवजा राशि दिलवाई जाए। प्रकरण निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है।
नयागांव निवासी सरोज कछावा पति स्व. श्री शिवसिंह कछावा ने बताया कि प्रार्थिया का एक भूखण्ड नयागांव में स्थित है जिस पर क्षेत्र के कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत रुप से बलपूर्वक कब्जा कर बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कर लिया गया है। इसकी सूचना प्रार्थिया द्वारा औद्योगिक क्ष्ोत्र थाने में भी की गई परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जब इस सम्बन्ध में उन व्यक्तियों से चर्चा की गई तो उन लोगों द्वारा अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। प्रकरण निराकरण हेतु संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है। नयागांव निवासी प्रेमलता पति स्व. कैलाशचन्द्र सोलंकी ने आवेदन में बताया कि प्रार्थिया के पति की 14 जनवरी 2020 को मृत्यु हो चुकी है। ट्रेजरी तथा डिपार्टमेंट की ओर से प्रार्थिया को पेंशन मिल चुकी है परन्तु बैंक वाले पेंशन का लाभ देने में आनाकानी कर रहे हैं, जिससे प्रार्थिया काफी परेशान है। प्रकरण एलडीएम को शीघ्र कार्यवाही करने हेतु भेजा गया है।
ग्राम डाबर तहसील बाजना निवासी राजपाल डोडियार ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी द्वारा एक वर्ष पूर्व शिक्षा लोन लेने के लिए सेन्ट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा बाजना में बात की गई थी, उस दौरान बैंक मैनेजर द्वारा कहा गया था कि आाप शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश मत लेना आपका 2 लाख रुपए का लोन दो माह में पास हो जाएगा। बैंक मैनेजर द्वारा मुझे प्रपोजल लेटर भी प्रदान कर दिया गया था परन्तु अब वे शिक्षा लोन देने से मना कर रहे हैं। बैंक मैनेजर द्वारा विगत एक साल से टालमटोल करने के कारण प्रार्थी का एक साल शिक्षा से वंचित हो गया जिससे प्रार्थी व प्रार्थी का परिवार मानसिक रुप से काफी त्रस्त हो चुका है। अतः आवश्यक कार्यवाही कर प्रार्थी को न्याय प्रदान किया जाए। प्रकरण एलडीएम को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।