रतलाम । महिला बाल विकास विभाग के अपर संचालक श्री आरपी रमनवाल ने 17 तथा 18 फरवरी को रतलाम जिले का दौरा किया। आंगनवाड़ी केंद्र देखे, परियोजना कार्यालय देखे, जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जिले में आगामी 28 फरवरी तक की अवधि के लिए संचालित किए जा रहे सघन पोषण पखवाड़े की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन भी किया।
अपर संचालक ने 17 फरवरी को जिला महिला बाल विकास कार्यालय में परियोजना अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पोषण पखवाड़ा अभियान, एडॉप्शन आंगनवाड़ी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली लक्ष्मी आदि योजनाओं की समीक्षा की। पीएम मातृ वंदना में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने, द्वितीय तथा तृतीय किस्त की पेंडेंसी का निराकरण करने, पात्र महिलाओं को समय सीमा में लाभान्वित करने, करेक्शन क्यू का निराकरण करने, पात्र प्रथम प्रसूता गर्भवती महिला को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
अपर संचालक ने 18 फरवरी को रतलाम शहर के आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां सघन पोषण पखवाड़ा आयोजन पूर्ण उत्साह के साथ मनाए जाने की सराहना की गई। हितग्राहियों को प्राप्त होने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता देखी गई और सही पाई गई।