द्वितीय चरण में 1 जुलाई को जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में मतदान प्रक्रिया होगी
रतलाम । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में 1 जुलाई शुक्रवार को होने वाली मतदान प्रक्रिया के लिए रतलाम जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इन विकासखंडों में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण संबंधित विकासखंड मुख्यालय से 30 जून को किया जाएगा। मतदान दल सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करेंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने द्वितीय चरण के मतदान के लिए की गई तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। द्वितीय चरण में रतलाम जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में मतदान प्रक्रिया होगी। बाजना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 20 है। ग्राम पंचायत 65 एवं वार्ड संख्या 1085 है । यहां 199 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। बाजना में कुल 109564 मतदाता हैं। इनमें 54108 पुरुष मतदाता एवं 55456 महिला मतदाता हैं।
सैलाना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 15 हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 47 एवं वार्ड संख्या 823 हैं। यहां 156 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सैलाना में कुल मतदाता 85904 हैं। इनमें पुरुष मतदाता और 42062 एवं महिला मतदाता 43842 हैं।