- जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में मतदान प्रक्रिया होगी
- निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने मतदान सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया
रतलाम 30 जून 2022/ त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में 1 जुलाई शुक्रवार को रतलाम जिले के सैलाना एवं योजना विकासखंड में मतदान की प्रक्रिया होगी। मतदान प्रातः 7:00 बजे से आरंभ होकर दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात मतदान केंद्र पर होने वाली मतगणना होगी। इन विकासखंडों में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण संबंधित विकासखंड मुख्यालय से गुरूवार को किया गया।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक भार्गव ने सैलाना, बाजना में मतदान सामग्री वितरण स्थल पर पहुंचकर मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित करने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदान दलों को सामग्री सावधानीपूर्वक वितरित करने एवं उन्हें मतदान केंद्रों तक व्यवस्थित पहुंचाने के निर्देश दिए। संबंधित विकासखंड मुख्यालय से मतदान दल सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान केंद्रों पर पहुंचे तथा मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की।
द्वितीय चरण में रतलाम जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में मतदान प्रक्रिया होगी। बाजना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 20 है। ग्राम पंचायत 65 एवं वार्ड संख्या 1085 है। यहां 199 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। बाजना में कुल 109564 मतदाता हैं। इनमें 54108 पुरुष मतदाता एवं 55456 महिला मतदाता हैं।
सैलाना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 15 हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 47 एवं वार्ड संख्या 823 हैं। यहां 156 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सैलाना में कुल मतदाता 85904 हैं। इनमें पुरुष मतदाता और 42062 एवं महिला मतदाता 43842 हैं।