रतलाम । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक भार्गव ने रतलाम जिले की सैलाना-बाजना विकासखंड में पंचायत निर्वाचन के तहत होने वाली मतदान प्रक्रिया से पूर्व विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सैलाना-बाजना विकासखंड में 1 जुलाई को मतदान होना है।
डॉ. भार्गव ने दोनों विकासखंड क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का अवलोकन कर वहां की व्यवस्था को देखा। मतदान सामग्री के साथ उपस्थित हो चुके मतदान दल द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दिवस पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा तथा निर्देश दिए कि मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदाताओं को मतदान केंद्र के बाहर कतारबद्ध होने की स्थिति में आवश्यक व्यवस्था की जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने के मार्ग को व्यवस्थित करने संबंधी निर्देश भी दिए।
डॉ. भार्गव ने इस दौरान आडवानिया के दो मतदान केन्द्रों, शिवगढ़ के दो मतदान केंद्रों, खेरदा के दो मतदान केंद्रों, पिपलीपाड़ा के दो मतदान केन्द्रों तथा छावनी झोड़िया के दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।