कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा ऊर्जा विभाग एवं पवन ऊर्जा, सोलर पावर की समीक्षा की गई

रतलाम । कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी द्वारा द्वारा ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रतलाम जिले के अधीक्षण यंत्री श्री एस.सी. वर्मा, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं कनिष्ठ यंत्री उपस्थित हुए।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा निर्देशित किया गया कि फैल ट्रांसफार्मर निर्धारित समय में बदला जाए, मैदानी अधिकारी बड़े बिजली बिल बकायादारों से व्यक्तिगत सम्पर्क कर भुगतान प्राप्त करें। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के प्रयास बढ़ाया जाए। आगामी रबी सीजन हेतु ट्रांसफार्मर का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए तथा स्वीकृत कार्यो को रबी सीजन से पूर्व पूर्ण करें। विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर का मेंटेनेंस मापदंड अनुसार किया जाए। घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्वक विद्युत प्रदाय किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि विद्युत मैदानी अधिकारियों एवं लाइनमैनों के उपभोक्ताओ के साथ व्यवहार अच्छा नहीं होने की शिकायते प्राप्त हो रही है, उपभोक्ताओं के प्रति अच्छा व्यवहार करें। विद्युत दुर्घटनाओं की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर सुधार कार्य कर प्रतिवेदन विद्युत सुरक्षा विभाग को भेजे। जिन उपभोक्ताओं द्वारा अतिक्रमण कर विद्युत लाइन के नीचे मकान बना लिया है या अपने घरों के अंदर बिजली का पोल ले लिया हो, उनकी सूचना नगर निगम या स्थानीय निकाय को दे। सी.एम. हेल्पलाईन के प्रकरणों को समय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें अन्यथा वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। आगामी समीक्षा बैठक में जे.ई.वार समीक्षा की जाएगी।
पवन ऊर्जा कम्पनी एवं सोलर पावर प्रोजेक्ट के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे
आयोजित बैठक में पवन ऊर्जा कम्पनी सुजलान, छेमा विंड पॉवर एवं सोलर पावर प्रोजेक्ट कम्पनी क्लीन एनर्जी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। पवन ऊर्जा कम्पनी एवं सोलर पावर प्रोजेक्ट के प्रतिनिधियों द्वारा सी.एस.आर. मद से जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत इनके उपकरणों तथा मशीनरी स्थापना वाले गावों में सी.एस.आर. मद से वृहद स्तर पर कार्यों का दायरा बढ़ाने एवं ज्यादा योगदान देते हेतु निर्देशित किया गया। इस सम्बन्ध में आगामी बैठक 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी।