- रतलाम को महानगर बनाने में शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका -विधायक श्री काश्यप
- दैनिक भास्कर टीचर्स एक्सलेंस अवार्ड समारोह आयोजित


रतलाम । भारतीय शिक्षा प्रणाली में नई शिक्षा नीति से आमूलचूल परिवर्तन हो रहा है। हमारी शिक्षा व्यवस्था मैकाले की पद्धति पर आधारित थी जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच ने नया स्वरूप प्रदान किया है। भारत अपनी शिक्षा व्यवस्था एवं अपनी आर्थिक प्रगति के आधार पर विश्व गुरु बनेगा। शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उक्त विचार दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि 1835 में मैकाले ने जिस शिक्षा पद्धति को लागू किया था उसे बदलने का साहस मोदी सरकार ने किया है। अब विद्यार्थियों के सामने सारे विकल्प खुले हैं, वे अपनी शिक्षा को किसी भी तरीके से ग्रहण कर सकता है। उसके सामने कई सारे आयाम है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि रतलाम में शैक्षणिक संस्थाओं ने प्रारंभ से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहां की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के योगदान के स्मरण का आज दिन है। उन्होंने कहा कि रतलाम महानगर बन रहा है और इसमें यहां की शिक्षा व्यवस्था की अहम भूमिका रही है। आने वाले समय में नई शिक्षा नीति के द्वारा रतलाम में शैक्षणिक वातावरण भी नया स्वरूप ग्रहण करेगा। उन्होंने सम्मानित होने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं संस्थान के संचालकों को शुभकामनाएं प्रदान की। दैनिक भास्कर के संपादक श्री रमेश राजपूत द्वारा अतिथियों का स्वागत उद्बोधन दिया । कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।
सम्मानित हुए शिक्षक
इस अवसर पर रतलाम में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली 20 शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्यजन मौजूद थे।
उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव राधा अष्टमी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए
रतलाम आए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव रविवार शाम स्थानीय बरबड हनुमान मंदिर सभाकक्ष में आयोजित राधा अष्टमी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। स्थानीय अहिर यादव समाज द्वारा आयोजित उक्त कार्यक्रम में डा. यादव द्वारा प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए जीवन संघर्ष में आगे बढने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान अहिर यादव समाज के पदाधिकारियों तथा सदस्यजनों द्वारा मंत्री डा. यादव का हार्दिक स्वागत अभिनन्दन किया गया।