रतलाम । समाज विरोधी संगठन के नेताओं की गिरफ्तारी से कांग्रेस बैचेन क्यों हो रही है? इन नेताओं द्वारा निर्वाचित सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया, जो अति निंदनीय है। ऐसा कृत्य करने वाले तत्वों से कांग्रेस की सहानुभूति समाज विरोधी मानसिकता की परिचायक है।
यह बात भाजपा जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने बयान जारी कर कही। उन्होंने बताया कि बीते दिनों भगवान बिरसा मुण्डा जयंती पर रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में सांसद एवं विधायकगण का घेराव कर वाहन पर हमला किया गया, जिसे सही बताकर कांग्रेस आमजन को भ्रमित कर रही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हमला करने वालों की समर्थक है अथवा पर्दे के पीछे समाज विरोधी तत्वों का साथ दे रही है। ग्रामीण क्षेत्र में हुआ उक्त घटनाक्रम प्रायोजित प्रतीत हो रहा है। जिससे भाजपा नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
श्री कटारिया ने कहा कि सांसद एवं विधायकगण का घेराव कर हमला करने की मानसिकता घोर निंदनीय है। ऐसी घटना में शामिल तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जरूरत है, लेकिन कांग्रेस नेता उनका समर्थन कर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दे रहे है।