
रतलाम । एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना सलाहकार मंडल सैलाना में नवनियुक्त अध्यक्ष विधायक श्री दिलीप मकवाना 4 जनवरी को सैलाना में समारोह पूर्वक पदभार ग्रहण करेंगे। इसे लेकर सैलाना में तैयारियां शुरू हो गई है। पदभार ग्रहण का यह कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू होगा। इसके पूर्व सभी समर्थक रतलाम के बरबड़ स्थित विधायक सभागृह पर एकत्र होंगे और यहां से एक साथ रवाना होंगे।
सैलाना में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में सांसद और विधायक सहित भाजपा के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। बरबड़ स्थित विधायक सभागृह पर एकत्र कार्यकर्ताओ के लिए यहां स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के पश्चात भोजन की व्यवस्था सैलाना में रहेगी। उल्लेखनीय है कि रतलाम ग्रामीण विधानसभा से विधायक श्री दिलीप मकवाना को प्रदेश सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य शासन द्वारा जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत गठित एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना सलाहकार मंडल का पुनर्गठन किया, जिसमें विधायक श्री मकवाना को ऐसे सभी अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र जहां अधिक संख्या में आदिवासी निवास करते है, उन गांवों में विकास कार्यों को गति प्रदान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।