पूना का आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट जुटा आगामी चातुर्मास की तैयारी में

नासिक (निलेश कांठेड़)। वर्ष 2022 का भीलवाड़ा शांतिभवन का एतिहासिक चातुर्मास एवं उदयपुर हिरणमगरी सेक्टर 4 में सफल होली चातुर्मास के बाद पूना चातुर्मास के लिए विहार यात्रा पर निकले श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर पूज्य समकितमुनिजी म.सा., भवान्तमुनिजी म.सा. एवं जयवंतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा का अभी नासिक क्षेत्र में विचरण चल रहा है। नासिक में 23 अप्रेल को अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणा महोत्सव आयोजन सम्पन्न होने के बाद पूज्य मुनिश्री अब नासिक शहर के विभिन्न क्षेत्रांें में पहुंच धर्मलाभ प्रदान कर रहे है। वर्ष 2019 का सफल चातुर्मास पूर्ण करने के करीब साढ़े तीन वर्ष फिर नासिक पधारे डॉ. समकितमुनिजी म.सा. श्रावक-श्राविकाओं की भावपूर्ण विनती पर नासिक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच जिनशासन की प्रभावना कर रहे है। उनकी आगामी 5 मई तक नासिक शहर में ही प्रवास की भावना है। इसके बाद पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा की विहार यात्रा नासिक से महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पूना की दिशा में आगे बढ़ेगी। उनके मई माह के अंतिम सप्ताह तक पूना शहर में पहुंचने की संभावना है। पूज्य समकितमुनिजी का वर्ष 2023 का चातुर्मास पूना के आदिनाथ जैन स्थानक भवन के लिए घोषित है जहां चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून को होगा। पूज्य मुनिश्री के पूना आगमन का समय नजदीक आने के साथ श्री आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी है। श्रीसंघ के अध्यक्ष सचिन रमेशचन्द्र टांटिया ने बताया कि पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा के पूना चातुर्मास को लेकर समस्त श्रावक-श्राविकाओं में उत्साह का माहौल है और सभी तैयारियों में लगे है। पूज्य मुनिश्री के आगमन की बेसब्री से प्रतीक्षा है। चातुर्मास जप-तप-भक्ति की दृष्टि से एतिहासिक साबित हो इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है।