सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों को देंगे आईएफएमआईएस पर ई दक्ष प्रशिक्षण

रतलाम 16 जून 2023/ संचनालय पेंशन भविष्य निधि एवं बीमा मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार प्रत्येक माह में अगले 3 माह में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों को आईएफएमआईएस पर ई दक्ष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला पेंशन अधिकारी श्री मोहनलाल लखनवी ने बताया कि उपरोक्त आदेश के परिपालन में आगामी 21 तथा 22 जून को दोपहर 2:00 से 4:00 तक ई दक्ष केंद्र जनपद पंचायत भवन, पुराना कलेक्ट्रेट रतलाम में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित कार्यालय प्रमुखों को सूचित किया गया है कि उनके कार्यालय से माह जुलाई, अगस्त तथा सितंबर 23 में सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों को उक्त प्रशिक्षण सत्र में शामिल कराया जाए।
बताया गया है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को जिन बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा उनमें आईएफएमआईएस में पेंशनरों को लॉगइन कराना, पासवर्ड भूलने पर पासवर्ड रिसेट करना, कर्मचारी का एम्पलाई कोड, नाम, जन्मतिथि का अवलोकन करना तथा त्रुटि होने पर सुधारात्मक कार्रवाई कराने की प्रक्रिया, परिवार का विवरण देखना, आवश्यक होने पर अपडेट करना, उपादान का नामांकन, नामांकित व्यक्ति तथा विवरण तथा बैंक डिटेल अंकित करना, एलटीए भुगतान का नामांकन तथा नामांकित व्यक्ति का बैंक डिटेल्स, भुगतान प्रदान करने का कोषालय का अवलोकन करना, संयुक्त फोटोग्राफ तथा नमूना हस्ताक्षर अपलोड करना, क्षतिपूर्ति बंधन पत्र स्कैन कर अपलोड करना, आवास का पता, डाक का पता स्पष्ट होना, पदानुक्रम की जानकारी होना तथा ईमेल मोबाइल नंबर अपडेट करना शामिल है।