
रतलाम 21 जून 2023। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में आयुष विभाग द्वारा जिले के ऐतिहासिक स्थल विरुपाक्ष महादेव मंदिर परिसर बिलपांक पर योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । योग दिवस पर चयनित थीम ‘वसुदेव कुटुंबकम के लिए योग एवं हर घर आंगन योग’ पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ एवं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश वाचन के लाइव प्रसारण द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री मथुरालाल डामर, बिलपांक सरपंच श्री श्रवण पाटीदार, श्री विक्रम पाटीदार तथा एसडीएम श्री संजीव केशव पांडे तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ एवं अतिथि उद्बोधन के पश्चात योगाभ्यास कार्यक्रम करवाया गया जो राष्ट्रगान के साथ समाप्त हुआ। इस कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ-साथ शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, तथा पतंजलि संस्था, एकात्म अभियान, विलय सामाजिक संस्था, निशुल्क फिटनेस क्लब तथा हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधि उपस्थिति रहे। इस कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने लाइव योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अतिरिक्त विधायक सभागृह सैलाना रोड, जिला जेल परिसर तथा आयुष विभाग की समस्त संस्थाओं में योग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें अधिक से अधिक संख्या में आमजन ने भाग लिया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. बलराज सिंह चौहान ने आमजन से आयुष विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।