प्रधानमंत्री जी ने योग को संपूर्ण विश्व में किया स्थापित – सांसद डामोर

  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से हुआ भारत गौरवांवित – विधायक काश्यप
  • संत कंवर राम नगर स्थित क्रीड़ा केंद्र में आमजन के साथ सांसद, विधायक ने किया योग

रतलाम, 22 जून 2023। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती द्वारा संत कंवर राम नगर स्थित क्रीड़ा केंद्र पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सांसद गुमान सिंह डामोर, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, महासंपर्क अभियान प्रभारी प्रवीण सोनी, युवामोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
क्रीड़ा केंद्र में आयोजित योग कार्यक्रम में उपस्थितजनों को क्रीड़ा भारती के सचिव अनुज शर्मा, प्रेम पूनिया और राजश्री द्वारा योग कराया गया। सुबह 6 बजे प्रारंभ हुए समारोह में सांसद श्री डामोर, विधायक श्री काश्यप सहित सभी गणमान्यजनों ने योग किया। योग प्रशिक्षकों ने योग की विभिन्न मुद्राए कराई। मलखम्ब के नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान 80 नवनियुक्त योग आचार्य को सांसद श्री डामोर एवं विधायक श्री काश्यप द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस मौके पर सांसद गुमानसिंह डामोर ने कहा कि सुखी जीवन का आधार योग है। यदि हमने अपने जीवन में योग को अपनाया तो निश्चित ही बीमारियां हमसे दूर रहेगी। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे तो मन भी प्रसन्न रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने योग को संपूर्ण विश्व में स्थापित किया है। उनके अनुसार योग वह विद्या है जो हमारी चेतना को ब्रह्मांड से जोड़ती है। हमारे अंदर भी वह शक्तियां आती है, जो ब्रह्मांड में विचरण करती है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने इससे पूर्व जीवन में योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुनिया आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है और इसका श्रेय भी हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी को जाता है। इस उपलब्धि से पूरा देश गौरवांवित हो रहा है। पूर्व में योग को धार्मिक प्रक्रिया से जोड़ा जाता था, लेकिन आज यह जन-जन की आवाज बन गया है। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि योग ही हमारा जीवन है। योग हम इसलिए करते हैं ताकि हमारा मन मस्त, तन स्वस्थ और जीवन प्रफुल्लित और आनंदित हो। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा भारती के सचिव अनुज शर्मा ने किया एवं आभार भाजपा मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित ने माना।