

रतलाम 22 जुलाई 2023 । क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवा उज्जैन संभाग डॉ. संजय शर्मा ने रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों, जिला चिकित्सालय रतला , एमसीएच अस्पताल एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्र टीआईटी रोड पहुंचकर प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग की एवं सुधारात्मक निर्देश दिए। डॉ. संजय शर्मा, डॉ. विशाल जायसवाल एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर. के. पॉल ने रतलाम के ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राम मलवासा एवं ग्राम सिमलावदा में 0 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों की स्वास्थ्य देखभाल हेतु आयोजित किए जा रहे दस्तक अभियान की मॉनिटरिंग की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान एएनएम, आंगनवाडी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ता से दस्तक अभियान के दौरान प्रदान की जा रही गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। दस्तक दल के सदस्यों ने बताया कि बच्चों में कुपोषण की पहचान बाल्यकालीन बीमारियों का प्रबंधन, उपचार एवं रेफरल तथा ओआरएस के पेकेट के वितरण के साथ ओआरएस का घोल बनाने की विधियों की समझाईश , विटामिन ए का घोल पिलाना, स्तनपान संबंधी व्यवहार एवं परामर्श सेवाए प्रदान की जा रही है। क्षेत्रीय संचालक द्वारा दस्तक अभियान के दौरान घरों में जाकर प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबेक प्राप्त किया तथा संतोष व्यक्त किया।
क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ. संजय शर्मा, राज्य समन्वयक डॉ. विशाल जायसवा , सिविल सर्जन डॉ. एम.एस. सागर , आरएमओ डॉ. प्रणव मोदी , डीपीएम डॉ. अजहर अली , डॉ. आर.सी. डामोर ने संयुक्त रूप से जिलाचिकित्सालय के ओपीडी , आईसीयु , जनरल वार्ड , सीसीयू , लेबोरेटरी , बर्न वार्ड , आदि का सघन निरीक्षण किया ।निरीक्षण के दौरान उन्होने प्रत्येक वार्डमें उपलब्ध मानव संसाधन चिकित्सकों की उपलब्धता , डयुटी रोस्टर , मरीजों की भोजन व्यवस्था , मरीजों के उपचार की केस शीट आदि का सुक्ष्म निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय संचालक ने स्पष्ट किया कि मरीजों को प्रदान करने के लिए दवाईयों अथवा संसाधनों की कमी होने पर तत्काल अवगत कराते हुए आपूर्ति की जाए , मरीजों से बाहर की दवाईयां नहीं मंगाई जाए। जिला चिकित्सालय में स्टोर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार सामग्री प्रदान की जाए। साफ सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत आपूर्ति में बाधा उत्पन्न होने पर जनरेटर की व्यवस्था अपडेट रखी जाए। डयुटी रोस्टर बनाने की व्यवस्था में सुधारात्मक प्रारूप में डयुटी रोस्टर बनाया जाए। अधिकारी / कर्मचारी अपना अवकाश स्वीकृत होने के उपरांत प्रस्थान करें।
सिविल सर्जन डॉ. एम.एस. सागर ने एसएनसीयू के स्टॉफ को सख्त लहजे में कहा कि इंफेक्शन से बचाव के लिए सभी नर्सिंग आफिसर निर्धारित प्रोटोकॉल का कडाई से पालन करें। क्षेत्रीय संचालक द्वारा मरीजों से उनके हालचाल पूछे जाने पर सभी मरीजों ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं से संतुष्ट होना बताया। क्षेत्रीय संचालक डॉ. संजय शर्मा ने निर्देशित किया कि आगामी 10 दिनों में जिला चिकित्सालय का पुनः निरीक्षण कर जहां किसी भी प्रकार की कमी दिखाई दे उन कमियों को पूरा कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। टीआईटी रोड स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर नवनियुक्त चिकित्सक को प्रशिक्षण प्रदान करने , परिवार कल्याण की सेवाएं प्रदान करने आदि के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान सेवाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया गया।