विश्व में खुशहाली व शांति की कामना,आगमों की अमर गाथाओं का उच्चारण

  • समकितमुनिजी के सानिध्य में पंचदिवसीय सजोड़ा आगम विधान आराधना शुरू
  • आदिनाथ सोसायटी के पारख धर्मसभा मण्डप में हो रहा आयोजन

पूना, 25 सितम्बर। पर्वाधिराज पर्युषण पर्व की आराधना पूर्ण होने के बाद सोमवार को श्री आदिनाथ संघ में एक बार पुनः श्रद्धा व भक्ति का रंग जम गया जब श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता प्रज्ञामहर्षि डॉ. समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा के सानिध्य में पंच दिवसीय सजोड़ा आगम विधान आराधना अनुष्ठान शुरू हुए। आगमों की अमर गाथाओं का उच्चारण कर विश्व में खुशहाली व शांति की कामना के साथ 29 सितम्बर तक होने वाले इस विधान के पहले ही दिन सैकड़ो श्रावक-श्राविकाएं सजोड़ा इस अनुष्ठान में शामिल हुए। विधान अनुष्ठान प्रतिदिन सुबह 8.45 से 9.30 बजे तक होगा। इसके तहत आगमों की ऐसी अमर गाथाओं का उच्चारण होगा जो जीवन की सभी बाधाएं दूर कर सकती है। पूज्य समकितमुनिजी म.सा. ने परमात्मा भगवान महावीर स्वामी के जयकारे के साथ विधान अनुष्ठान शुरू कराया। इससे पूर्व उन्होंने कामना की कि ये विधान अनुष्ठान कल्याणकारी, सुख प्रदान करने वाला, मोक्ष कराने वाला, पाप का क्षय, कर्म का नाश करने वाला हो एवं सद्विधि एवं सद्भक्ति के साथ ये विधान प्रभु के चरणों में समर्पित करते है। जय बोलों महावीर स्वामी की प्रार्थना के साथ विधान का आगाज हुआ। पहले दिन परिवार से लेकर विश्व तक सर्व कल्याण व सुख की कामना से आगम सूत्र की आराधना की गई। पूज्य समकितमुनिजी सूत्र का उच्चारण करते रहे एवं सजोड़ा अनुष्ठान में शामिल श्रावक-श्राविकाएं इससे दोहराते रहे। किसी कारण विशेष से जो श्रावक-श्राविकाएं पहले दिन नहीं आ पाए वह दूसरे दिन मंगलवार से चार दिन इसमें शामिल हो सकते है। ऐसे श्रावक-श्राविकाओं दूसरे दिन के अनुष्ठान सूत्र बोलने से पहले प्रथम दिन के सूत्र का 27 बार उच्चारण कराया जाएगा। इस आराधना में मां-पुत्र, भाई-बहन, पति-पत्नी, पिता-पुत्री कोई भी सजोड़ा सम्मिलित हो सकते है। पहले दिन की विधान अनुष्ठान प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद नई प्रवचनमाला ‘‘कहानी चेलना रानी की’’ की ओपचारिक शुरूआत भी पूज्य समकितमुनिजी द्वारा टाइटल गीत ये कथा है चेलना रानी की गुनगुनाने के साथ शुरू हो गई। धर्मसभा में पूज्य प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी म.सा., सरलमना श्री विजयमुनिजी म.सा., गायनकुशल जयवंतमुनिजी म.सा., सेवाभावी श्री भूषणमुनिजी म.सा. का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। पहले दिन का विधान अनुष्ठान पूर्ण होने पर उसमें शामिल भक्तों को दिए गए कूपन के आधार पर लक्की ड्रॉ निकाल पांच भाग्यशालियों को प्रभावना दी गई। प्रभावना के लाभार्थी नितीनजी, सचिनजी, राहुलजी टांटिया परिवार रहा। धर्मसभा का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट पूना के अध्यक्ष सचिन रमेशचन्द्र टाटीया ने किया।
शुरू हो गई सेफ्टी बेल्ट बनाने की प्रक्रिया
सजोड़ा आगम विधान आराधना अनुष्ठान शुरू होने के पहले ही दिन सेफ्टी बेल्ट बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई इसे तैयार करते हुए कामना की गई कि ये मेरे परिवार, स्वास्थ्य एवं व्यापार के लिए सुरक्षा प्रदान करें। आगम की ़गाथाओं का उच्चारण करते हुए विधिपूर्वक सेफ्टी बेल्ट में पहली गांठ लगाई गई। पांच दिन में पांच गांठ लगाई जाएगी। समकितमुनिजी ने कहा कि इस सेफ्टी बेल्ट को घर में पवित्र स्थान पर रखना है ओर दूसरे दिन की आराधना के लिए फिर साथ लेकर आना है। ये सेफ्टी बेल्ट पूरे जीवन स्वयं एवं परिवार के काम आएगा एवं सबकी सुरक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि पहले दिन करीब 45 मिनट में 30 हजार से उपर गाथाओं का स्वाध्याय हुआ। पांच दिन में करीब डेढ़ लाख गाथाओं के स्वाध्याय का लाभ मिलेगा। ऐसे में किसी को भी इस अवसर को चूकना नहीं चाहिए।
सवा लाख लोगस्स महा आराधना 13 अक्टूबर से
श्राद्ध पक्ष (पिृत पक्ष) की चतुर्दशी व अमावस्या 13 व 14 अक्टूबर को बेला तप आराधना के साथ दो दिवसीय सवा लाख लोगस्स महा आराधना आयोजन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी रजिस्ट्रेशन के लिए चार-चार अलग-अलग ग्रुप बनाकर कार्य किया जा रहा है। इन दो दिवस में 40 बेले, 40 एकासन, 40 नीवी ओर 40 आयम्बिल की तपस्या होगी। इनके लिए नाम तकरीबन पूरे आ चुके है। इस दौरान चारों दिशाओं में 160-160 श्रावक-श्राविकाएं बैठकर विशेष आराधना करेंग इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है। पिृतपक्ष में होने वाली यह साधना विशेष फलदायी होती है।
महिला सम्मेलन का आयोजन एक अक्टूबर को
श्री आदिनाथ संघ के तत्वावधान में समकितमुनिजी म.सा. के सानिध्य में एक अक्टूबर रविवार को दोपहर 2.30 बजे से महिला सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न विषयों पर प्रबुद्ध महिला चिंतक श्राविकाओं का मार्गदर्शन करेगी। समकितमुनिजी ने अधिक से अधिक श्राविकाओं से इस आयोजन में सहभागी बनने की प्रेरणा दी है। उक्त जानकारी सचिन रमेशचन्द्रजी टाटिया अध्यक्ष, आदिनाथ सोसायटी जैन स्थानक भवन ट्रस्ट, पूणे तथा निलेश कांठेड़ मीडिया समन्वयक,समकित की यात्रा-2023 ने दी।