दोनों दीक्षार्थियों की शोभायात्रा भी निकाली

रतलाम। आचार्यश्री उमेशमुनिजी के सुुशिष्य प्रवर्तक जिनेंद्रमुनिजी के मुखारविंद से दीक्षा अंगीकार करने वाले धार जिले के ग्राम कोद के युवा मुमुक्षु अविश कर्णावट व रतलाम शहर की युवा मुमुक्षु श्रुति मूणत का स्थान-स्थान पर श्रीसंघों में बहुमान समारोह आयोजित हो रहा है। इसी तारतम्य में श्रीधर्मदास जैन श्रीसंघ द्वारा बहुमान समारोह आयोजित किया गया। बहुमान समारोह की जानकारी देते हुए श्रीसंघ के सचिव सोहनलाल रुनवाल व अशोक भरगट ने बताया कि स्थानीय श्रीकृष्ण कला केंद्र चांदनी चौक पर नवकारसी का आयोजन हुआ। नवकारसी के पश्चात इसी स्थान से मुमुक्षु अविश कर्णावट व श्रुति मूणत की शोभायात्रा निकली।
जयकारा एवं गुरु गुणगान करते हुए चल रहे थे श्रद्धालुजन
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं व बच्चें शामिल हुए जो श्रमण भगवान महावीर स्वामी, आचार्यश्री उमेशमुनिजी, प्रवर्तक जिनेंद्रमुनिजी, दीक्षार्थी भाई-बहनों आदि की जय-जयकार और गुरु गुणगान करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान दोनों मुमुक्षुुओं का जगह-जगह स्वागत अभिनंदन किया गया। यात्रा चांदनीचौक, चौमुखीपुल, घांस बाजार, माणकचौक, गणेश देवरी, नैालाईपुरा होती हुई स्थानीय श्रीधर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक पर पहुंच कर बहुमान समारोह में परिवर्तित हो गई। यहां बहुमान समारोह का प्रारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। इस अवसर पर श्रीसंघ अध्यक्ष अशोक चतुर अपने उद्बोधन में दोनों मुमुक्षुओं व उनके परिवारजनों को खूब खूब धन्यवाद दिया। समारोह में मुमुक्षु अविश कर्णावट व श्रुति मूणत ने संयम के महत्व पर प्रकाश डाला और दीक्षा में पधारने का निमंत्रण देकर सभी से क्षमा याचना भी की।
मुमुक्षुओं का बहुमान कर अभिनंदन पत्र भेंट किया
बहुमान सामरोह में श्रीधर्मदास जैन श्रीसंघ द्वारा दोनों मुमुक्षु अविश कर्णावट व श्रुति मूणत का श्री संघ के अध्यक्ष अशोक चतुर व संघ के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने शाल ओढ़ाकर माला पहनाकर अभिनंदन पत्र भेंट किया। वहीं अणु मित्र मंडल की ओर से अध्यक्ष नवदीप मूणत, पदाधिकारियों व सदस्यों ने एवं अणुश्री श्राविका मंडल की ओर से अध्यक्ष मोनिका गांधी, पदाधिकारियों व सदस्यों ने दीक्षार्थियों का बहुमान किया। श्रीसंघ की अन्य सहयोगी संस्था अणुश्री बालिका मंडल आदि द्वारा भी मुमुक्षुओं का अभिनंदन किया गया।
मुमुक्षु के परिवारजन का भी किया बहुमान
श्रीसंघ के महामंत्री अजीत मेहता ने बताया कि समारोह में मुमुक्षु अविश कर्णावट के वीर भ्राता श्रेयांश कर्णावट का श्रीसंघ की ओर से संघ के पदाधिकारियों ने शाल ओढ़ाकर माला पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं मुमुक्षु श्रुति मूणत के वीर पिता सुभाष मूणत का श्रीसंघ की ओर से वीर पिता अमृतलाल कोठारी, ललित गांधी, विजय चतुर, दिलीप मोदी, नरेंद्र गांधी, रतनलाल मूणत आदि ने बहुमान किया। बड़े पिताजी संतोष मूणत का श्रीसंघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद मेहता, दिलीप मोदी, नरेंद्र गांधी आदि ने वहीं वीर माता किरण मूणत तथा बड़ी माताजी आशा मूणत का बहुमान श्रीसंघ की ओर से संगीता मोदी, प्रमिला गांधी, सपना गांधी, शकुंतला चतुर आदि ने किया। समारोह में श्रीसंघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद मेहता ने विचार व्यक्त किए। अणुश्री श्राविका मंडल, अणुश्री बालिका मंडल द्वारा दीक्षार्थियों की अनुमोदनार्थ सामूहिक स्तवन प्रस्तुत किया गया। संचालन अणु मित्र मंडल के सचिव सौरभ कोठारी व अर्हम वोरा ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं मौजूद थे।