मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई

रतलाम 06 जनवरी 2024। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार रतलाम जिले में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी को किया गया। जिले के सभी 1295 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन हुआ। इसे लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित की गई जिसमें अपर कलेक्टर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के सेट प्रदान किए गए। साथ ही फोटो रहित मतदाता सूची की सीडी भी प्रदान की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करें ताकि वे बूथ लेवल अधिकारी से समन्वय बनाकर कार्य कर सकेंगे जिससे मतदाता सूची को और शुद्ध बनाया जा सकेगा। बताया गया कि आगामी 13 तथा 14 जनवरी को जिले में आयोग के निर्देश अनुसार विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे जिसमें बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता के संबंध में जानकारी अपडेट करेंगे।
मतदाता सूची की प्रारंभिक प्रकाशन के अनुसार जिले में मतदाताओं की संख्या 10 लाख 98 हजार 347 है इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 5 लाख 48 हजार 944 है तथा महिला मतदाताओं की संख्या 5 लाख 49 हजार 369 है।
जिले के रतलाम ग्रामीण में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 13 हजार 167 है इनमें 1 लाख 6 हजार 645 पुरुष तथा 1 लाख 6 हजार 510 महिला मतदाता है। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम शहर में कुल मतदाता 2 लाख 15 हजार 776 है इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 7 हजार 120 है। महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 8 हजार 651 है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 10 हजार 148 है, पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 3 हजार 958, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 6 हजार 190 है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 37 हजार 420 है इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 18 हजार 653 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 18 हजार 758 है। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र आलोट में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 21 हजार 836 है, इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 12 हजार 568 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 09 हजार 260 है।A