स्वामी विवेकानंदजी की जयंती युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन हुआ

रतलाम 12 जनवरी 2024। स्वामी विवेकानंदजी की जयंती युवा दिवस पर रतलाम स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम एवं प्राणायाम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन सुना गया। साथ ही स्वामी विवेकानंदजी द्वारा शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक भाषण के अंश भी विद्यार्थियों को सुनाए गए।
इस दौरान रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री अशोक पोरवाल, श्री प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा उत्कृष्ट प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत, डीपीसीश्री एम.एल. सांसरी, श्री जीतेन्द्र जोशी आदि शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के साथ बैठकर सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम किया। आकाशवाणी से मिल रहे निर्देशों के आधार पर सभी ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया। इसके अलावा पूरे जिले भर में सामूहिक सूर्य नमस्कार प्राणायाम योग अभ्यास आयोजन हुए।