रतलाम 19 मार्च 2024। रतलाम जिले में विश्व ओरल हेल्थ दिवस के अवसर पर 20 मार्च को जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया जाएगा। विश्व ओरल हेल्थ दिवस 20 मार्च के संबंध में इस वर्ष की थीम “ए हैप्पी माउथ इस ए हैप्पी बॉडी निर्धारित की गई है। इस संबंध में दंत रोगों से बचाव, उपचार, दांतों की देखभाल, पोषक तत्व इत्यादि के संबंध में लोगों का उन्मुखीकरण किया जाना है।
सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर ने बताया कि 20 मार्च से 10 अप्रैल तक ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन जिले की स्वास्थ्य संस्थानों में किया जाएगा। शिविरों का आयोजन कर ओरल हेल्थ चेकअप किया जाएगा, साथ ही ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र आदि पर दांतों की सफाई हेतु ब्रश करने की सही विधि का प्रदर्शन दंत चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा।
नोडल अधिकारी डॉ नरेश चौहान ने बताया कि दांतों की उचित देखभाल करना अत्यंत जरूरी है। हरी सब्जियां और दूध से बने पदार्थ का उपयोग करना चाहिए। खाने में चिपचिपे और मीठे पदार्थ का उपयोग कम करना चाहिए। सांस में बदबू, मसूड़े में सूजन आने और मसूड़ों से खून आने पर दंत चिकित्सक से तत्काल संपर्क करना चाहिए। दिन में दो बार ब्रश करना चाहिए। मुंह के कैंसर का सबसे बड़ा कारण तंबाकू का सेवन है। सिगरेट, बीड़ी, धूम्रपान एवं गुटखा तथा तंबाकू पदार्थ का किसी भी रूप में उपयोग नहीं करना चाहिए। शराब का सेवन, नुकीले दांत एवं ठीक से फिट न हुए नकली दांत कैंसर के जोखिम का कारण हो सकते हैं। मुख रोग से संबंधित किसी भी समस्या के लिए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करके उचित परामर्श और उपचार प्राप्त किया जा सकता है।