सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, उज्जैन स्टेशन पर क्राउड होल्डिंग एरिया का निर्माण जारी

  • माधव नगर क्षेत्र में 3,608 वर्गमीटर में बन रहा क्राउड होल्डिंग एरिया, यात्रियों को मिलेंगी पानी, प्रकाश एवं शौचालय जैसी सुविधाएं
  • क्राउड होल्डिंग एरिया की छत पर लगाया जाएगा 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम

रतलाम 09 अक्टूबर। सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से उज्जैन पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर के विकास, फुट ओवर ब्रिज के निर्माण तथा यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए क्राउड होल्डिंग एरिया विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को आवागमन के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 की ओर माधव नगर क्षेत्र में लगभग 3,608 वर्गमीटर क्षेत्रफल (82×44 मीटर) में क्राउड होल्डिंग एरिया का निर्माण रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा किया जा रहा है। इस होल्डिंग एरिया के अतिरिक्त तीन अन्य क्राउड होल्डिंग एरिया भी विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं से सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने और उनके आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। क्राउड होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का कार्य अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

क्राउड होल्डिंग एरिया की छत पर लगेगा 120 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम
यात्रियों की सुविधाओं के विकास के साथ-साथ रतलाम मंडल द्वारा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत माधव नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन क्राउड होल्डिंग एरिया की छत पर 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (पावर) लेफ्टिनेंट श्री डी.के. प्रजापति के निर्देशन में इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। संबंधित विभागों से भी इसके लिए सहमति प्राप्त हो चुकी है। होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा होने के बाद इसकी छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य किया जा सकेगा।
सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर किए जा रहे ये कार्य उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनसे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *