जिले के जर्जर शासकीय भवनों को डिस्मेंटल कराकर नए भवन बनवाए जाएंगे : कलेक्टर श्री कटेसरिया

ग्राम देवली में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर आयोजित, कलेक्टर ने जनसुनवाई कर सुनीं नागरिकों की समस्याएं

रतलाम 9 अक्टूबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत जनपद पंचायत बाजना की ग्राम पंचायत देवली में जिला स्तरीय शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जनसुनवाई कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
शिविर में उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें उद्यमी श्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये का मुद्रा ऋण लेकर अपना उद्यम स्थापित किया और उससे लाभ अर्जित किया। उद्यमी सुश्री अंजना डामोर ने बताया कि वे आजीविका मिशन से जुड़ीं और पाइपलाइन बिछाने के कार्य के साथ बकरी पालन शुरू किया। इससे उनकी आजीविका बेहतर हुई है। उद्यमी श्री मेरू खराड़िया ने भी अपने उद्यम से संबंधित अनुभव साझा किए।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को संतुलित उर्वरक के उपयोग, मिट्टी परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ लेने तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने रखीं स्थानीय समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए स्वीकृत राशि के आधार पर शीघ्र निर्माण कराने, आमा पाड़ा पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार, मटवाला में पेयजल संकट, नल-जल योजना के कार्य में तेजी लाने तथा रुपावाड़ा में हैंडपंप की मरम्मत कराने संबंधी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने जल संरक्षण के लिए बोरी बंधान निर्माण की मांग भी की।
इसके अलावा एकलव्य विद्यालय में स्थानीय लोगों को रोजगार देने, खेल मैदान से विद्युत डीपी हटाने तथा आंगनवाड़ी को नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग रखी गई। ग्रामीणों ने सोसायटी के संचालन से संबंधित शिकायत भी की। ग्राम जामू खानदान के ग्रामीणों ने स्कूल के पुस्तकालय की छत से पानी टपकने की समस्या बताई तथा पशुओं के लिए पानी की होद बनवाने की मांग की।

जर्जर भवनों को चिन्हित कर नए भवन बनवाने की होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि जिले में जर्जर शासकीय भवनों को चिन्हित कर उन्हें डिस्मेंटल कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार नए भवनों की स्वीकृति प्राप्त कर उनके निर्माण की कार्रवाई भी की जाएगी। शिविर में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम सैलाना श्री सुनील जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *