सुसज्जित रथ में सवार होकर मुमुक्षु श्रुति मुणत की निकली वर्षीदान यात्रा

  • वर्षीदान यात्रा में श्रावक श्राविकाओं का उमडा सैलाब
  • वर्षीदान लेने के लिए जबरदस्त उत्साह नजर आया

रतलाम। आचार्य श्री उमेशमुनिजी के सुशिष्य प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी के मुखारविंद से रविवार 21 अप्रैल को जैन भगवती दीक्षा ग्रहण करने जा रही सराफा व्यापारी सुभाष मुणत की 20 वर्षीय बेटी युवा मुमुक्षु श्रुति मुणत की 20 अप्रैल शनिवार को शहर में वर्षीदान यात्रा बैंडबाजों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में रतलाम सहित क्षैत्र एवं दूरदराज के विभिन्न श्रीसंघों के श्रावक श्राविकाओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अनुमोदना का लाभ लिया।

निर्धारित वेशभूषा रही आकर्षण का केंद्र

यात्रा में आगे दीक्षार्थी परिवार रिश्तेदार आदि गुरू महिमा का गुणगान करते एवं जय जयकार करते हुए चल रहे थे। परिवारजनों व रिश्तेदारों ने रंग बिरंगें साफे पहने हुए थे। वहीं श्रीसंघों के सदस्यगण सफेद वस्त्र एवं अणु मित्र मण्डल, अणु श्री श्राविका मण्डल, अणु श्री बालिका मण्डल, अणु बाल मण्डल आदि अपनी अपनी वेशभूषा में थे। सभी एक साथ गगन भेदी जय जयकार करते हुए चल रहे थे।

वर्षीदान लेने के लिए होड़ लग गई

संसार के भौतिक पदार्थो को नश्वर समझकर उन्हें त्याग कर संयम मार्ग पर आरूढ होने के लिए पुरूषार्थरत युवा मुमुक्षु श्रुति मुणत ने वर्षीदान किया। मुमुक्षु के हाथों से वर्षीदान लेने की होड़ का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुमुक्षु बहन द्वारा दोनों हाथों से किए वर्षीदान के दौरान मुख मनागल की मुस्कान देखते ही बनती थी। गौरतलब है कि तीर्थंकर भगवान भी दीक्षा के पूर्व वर्षीदान करते थे। जिनशासन में वर्षीदान का अलग ही महत्व रहा है। वर्षीदान यात्रा प्रारंभ होने के पूर्व दीक्षार्थी परिवार कंचनबाई इन्दरमलजी मुणत परिवार द्वारा नवकारसी का आयोजन किया गया। वर्षीदान यात्रा मोहन टॉकिज, घांस बाजार, खेरादीवास, डालुमोदी बाजार, नाहरपुरा, धानमंडी, नीमचौक, तोपखाना, चॉदनी चौक, लक्कडपीठा होती हुई छोटू भाई की बगीनी पहुंची। जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में युवा मुमुक्षु श्रैयांस चौरड़िया भी बग्गी में सवार होकर हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन कर रहे थे। दीक्षार्थी श्रुति मुणत का जगह जगह विभिन्न धार्मिक सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों व परिवार द्वारा शॉल ओढाकर स्वागत किया।

सुंदर प्रस्तुति ने कर दिया भाव विभोर

शनिवार को रात में अम्बेडकर ग्राउंड पर संवेदनाकार सुरेश भाई जैन चैन्नई व गायक भाविक भाई शाह मुम्बई ने धार्मिक, मार्मिक एवं सुंदर प्रस्तुति दी। जिसे सुनकर उपस्थित श्रावक श्राविकाएं भाव विभोर हो गए।

रविवार को होगी मुमुक्षु की दीक्षा

श्री धर्मदास जैन श्रीसंघ के अध्यक्ष अशोक चतुर व महामंत्री अजीत मेहता ने बताया कि रविवार 21 अप्रैल को स्थानीय अम्बेडकर ग्राउंड पर प्रवर्तक श्री जिनेन्द्रमुनिजी के मुखारविन्द से 68 वर्षीय राजमल नलवाया व 20 वर्षीय श्रुति मुणत की जैन भगवती दीक्षा प्रात 9 बजे से प्रारंभ होगी।