निगम आयुक्त श्री भट्ट ने कचरा संग्रहण वाहन चालक व हैल्परों की ली बैठक

  • प्रत्येक घर से गीला व सूखा कचरा पृथक-पृथक लिये जाने के दिये निर्देश
  • गीले व सूखे कचरे का पृथक्कीकरण नागरिक घर में ही करें

रतलाम । रतलाम शहर को पूर्णतः कचरा मुक्त बनाये जाने हेतु निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट ने निगम के 59 कचरा संग्रहण वाहन चालक व 59 हैल्परों की बैठक अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में लेकर नगर के प्रत्येक घर से गीला व सूखा कचरा पृथक-पृथक लिये जाने के निर्देश दिये।
आयोजित बैठक में निगम आयुक्त श्री भट्ट से सभी से परिचय प्राप्त कर वार्ड में कचरा संग्रहण के कार्य की जानकारी ली व उनकी समस्याओं से अवगत होकर निर्देशित किया कि बड़े वार्डो में 2-2 कचरा संग्रहण वाहन लगाये जाये ताकि प्रतिदिन कचरा संग्रहण हो सके।
उन्होने कचरा संग्रहण वाहन चालकों व हैल्परों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्रत्येक घर से गीले व सूखे कचरे का संग्रहण पृथक-पृथक किया जाना है ताकि कचरा निष्पादन की प्रक्रिया आसान होकर रतलाम शहर पूर्णतः कचरा मुक्त बन सकें। घर-घर से गीला व सूखा कचरा पृथक-पृथक लिये जाने हेतु प्रत्येक भवन स्वामी को कचरा पृथक्कीकरण की समझाईश दें बार-बार समझाईश देने के बाद भी भवन स्वामी कचरा पृथक्कीकरण नहीं करता है तो इसकी सूचना वार्ड दरोगा व झोन प्रभारी को दें ताकि संबंधित पर जुर्माना किया जा सकें।
निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट ने नागरिको से अपील की है कि नागरिकों के सहयोग से रतलाम नगर को पूर्णतः कचरा मुक्त बनाया जा सकता है इस हेतु वे गीले व सूखे कचरे के पृथक्कीकरण हेतु अपने घरों में पृथक-पृथक कचरा पात्र रखें तथा कचरे को निगम के कचरा संग्रहण वाहन में पृथक-पृथक भागों में डालें।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी श्री एपी सिंह, उपयंत्री श्री अनवर कुरेशी, श्री मनीष तिवारी, झोन प्रभारी सर्वश्री किरण चौहान, पर्वत हाड़े, विनय चौहान, विराट मेहरा, तरूण राठौड़, आशीष चौहान आदि उपस्थित थे।