- कलेक्टर श्री बाथम के निर्देशन में निर्विघ्न मतदान की तैयारी पूर्ण
- मतदान दल मतदान केन्द्रों पर पहुंचे
रतलाम 12 मई 2024। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत रतलाम जिले के 1297 मतदान केन्द्रों पर 13 मई को मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र बाथम के निर्देशन में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान का समय प्रातः 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा। इसके पूर्व 12 मई को मतदान दल मतदान सामग्री लेकर अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे। ग्रामीणों तथा शहरी नागरिकों द्वारा मतदान कर्मियों का ढोल-ढमाके हार-फूल से स्वागत किया गया।
लोकसभा निर्वाचन के अंतर्गत रतलाम जिले में 11 लाख 4 हजार मतदाता है, इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 5 लाख 51 हजार 180 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 5 लाख 52 हजार 208 है। जिले में र्निविध्न, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण मतदान के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई है। लगभग 4 हजार सुरक्षा बल एवं पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें मेघालय से दो एसएफ कम्पनियां, सीआरपीएफ की एक कम्पनी, म.प्र. की चार एस.ए.एफ. कम्पनियों के अलावा छतरपुर से जिला पुलिस बल और होमगार्ड तथा राजस्थान से 700 होमगार्ड्स का बल आया है। मतदान के पश्चात् स्ट्रांग रुम की सुरक्षा के लिए बी.एस.एफ. की एक कम्पनी तैनात की गई है।,
इसके अलावा लगभग 1300 विशेष कर्तव्यस्थ पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे। निष्पक्ष निर्वाचन के लिए 21 फ्लाइंग स्क्वायड दल तथा 24 स्थैतिक निगरानी दल कार्य कर रहे हैं। मतदान दिवस पर 122 सेक्टर अधिकारी तथा 113 सेक्टर पुलिस अधिकारी भी सतत भ्रमण पर रहेंगे। जिले के 310 संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक संवेदनशील मतदान केन्द्र पर चार सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे।
जिले के जावरा में सर्वाधिक मतदान केंद्र
लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत रतलाम जिले में 1297 मतदान केन्द्रों पर 13 मई को मतदान होने जा रहा है। जिले में सर्वाधिक 276 मतदान केंद्र जावरा में है। इसके अलावा रतलाम शहर में 260, सैलाना में 256, आलोट में 253, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम ग्रामीण में 252 मतदान केंद्र है। जिले में 160 मतदान केंद्र पूर्ण रूप से महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित है। एक मतदान केंद्र रतलाम शहर में दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित रहेगा। जिले में 40 आदर्श मतदान बनाए गए हैं।