





रतलाम 12 मई 2024। लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए 12 मई को रतलाम के कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, सैलाना के शासकीय महाविद्यालय तथा जावरा के शासकीय भगतसिंह महाविद्यालय परिसरों से मतदान दलों को सामग्री प्रदान की गई। मतदान दल पूर्ण उत्साह एवं उल्लास के साथ सामग्री लेकर अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे। सामग्री वितरण स्थलों पर मतदान दलों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थी जिससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं आई। गर्मी के दृष्टिगत शामियाने में कूलर एवं फाग की व्यवस्था की गई थी। कल्ोक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेश बाथम द्वारा सामग्री वितरण के दौरान उपस्थित रहकर समस्त व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गई।
मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए 419 वाहनों की व्यवस्था की गई थी। इनमें 130 चार पहिया वाहन तथा शेष बस वाहन की व्यवस्था थी। पुलिस बलों के लिए भी 95 बसों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा पुलिसबलों के लिए 200 चार पहिया वाहनों की व्यवस्था की गई थी।
मतदान सामग्री वितरण स्थल पर मतदान दलों के लिए पेयजल के साथ-साथ केरी के पने की व्यवस्था भी की गई थी। आपात चिकित्सा हेतु रतलाम के कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थल पर डाक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, चिकित्सा उपकरण, दवाईयां तथा पांच बेडयुक्त आईसीयू की व्यवस्था भी की गई थी।