रतलाम। परम पूज्य गच्छाधिपति आचार्य देव पुण्यपाल सुरीश्वरजी म. सा. की शुभ आज्ञा से एवं पूज्य आचार्य तपोरत्न विजय जी म.सा. के आशीर्वाद से इस वर्ष आराधना भवन जैन श्रीसंघ में युवा हृदय परिवर्तक कल्याण रत्नविजय जी म.सा. का चातुर्मास हनुमान रुंडी पर संपन्न होने जा रहा है। पूज्य गणिवर्य कल्याणरत्न विजय जी म.सा. अपने 58 शिष्य एवं 30 साध्वी जी भगवंत के साथ रतलाम पधार चुके हैं एवं रतलाम के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवचन पश्चात आपका भव्य चातुर्मास प्रवेश 7 जुलाई रविवार को हो रहा है। चातुर्मास को संपन्न करने के लिए आराधना भवन ट्रस्ट बोर्ड, आराधना भवन सेवा समिति, चंद्रवीर परिवार, आराधना भवन महिला मंडल के सदस्यों की निरंतर पिछले 1 महीने से तैयारी चल रही है। परम पूज्य गणिवर्य कल्याण रत्नविजय जी म.सा. का प्रवेश सामैया 7 जुलाई रविवार को प्रातः 8:30 बजे किरण टॉकीज से प्रारंभ होगा जो नगर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ हनुमान रुंडी पर पहुंचेगा। यहां पूज्य गुरुदेव के मांगलिक प्रवचन होंगे। चातुर्मास प्रवेश सामैया का संपूर्ण लाभ कंचनबाई सागरमल, आनंदीलाल, मनीष कुमार गुगलिया परिवार द्वारा लिया गया है। आराधना भवन श्री संघ अध्यक्ष अशोक लुनिया, सचिव हिम्मत गेलड़ा, आराधना भवन सेवा समिति अध्यक्ष नरेंद्र घी वाला, सचिव संजय पारख, चंद्रवीर परिवार के अमृत जैन, दीपक कटारिया ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पधार कर धर्म लाभ लेने की अपील की है। इस प्रवेश के शुभ अवसर पर देश के देशभर से भक्तजन रतलाम पहुंचना शुरू हो गए हैं।