रतलाम । विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त उज्जैन के विशेष प्रकरण क्रमांक 07/2023 में माननीय विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) श्रीमान् आदित्य रावत द्वारा आज दिनांक 30.12.2024 को पारित अपने निर्णय में आरोपी शानु पुरोहित उम्र 25 वर्ष, तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत मचुन, तहसील पिपलौदा जिला रतलाम को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 में दोषसिद्ध पाते हुऐ 04 वर्ष के सश्रम कारावास तथा राशि 2000/- रूपए के अर्थदण्ड से दण्डित कर आरोपी को जेल भेजा गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री कृष्णकांत चैहान द्वारा की गई।
जिला अभियोजन अधिकारी जिला रतलाम श्री गोविन्द प्रसाद घाटिया के द्वारा बताया गया कि दिनांक 08.02.2019 को गोपाल पिता नंदराम पाटीदार निवासी ग्राम मचुन ने लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में उपस्थिति होकर एक लिखित शिकायत आवेदन पत्र इस आशय का प्रस्तुत किया कि मैनें मांगीलाल पाटीदार से दो लाख पचास हजार रूपए में मकान खरीदा था, उक्त मकान के पट्टे का नामातंरण करने के लिए मैनें ग्राम पंचायत मचुन में आवेदन दिया था, किन्तु ग्राम पंचायत मचुन की सचिव शानु पुरोहित मुझसे उक्त जमीन के पट्टे का नामातंरण करने के ऐवज में 10 हजार रूपये रिश्वत की मांग की थी, तो मैनें 9,000/- रूपए सचिव शानु पुरोहित को दिये और एक हजार रूपए बाकी थे। आवेदक गोपाल पाटीदार द्वारा दिए गए आवेदन पर उप पुलिस अधीक्षक अंतिम पंवार, विपुस्था लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन ने रिश्वत की मांग की जाने की पुष्टि की जाने के लिए आवेदक को रिश्वत संबंधी वार्तालाप को गोपनीय रूप से रिकॉर्ड करने के लिए शासकीय डिजिटल वाईस रिकॉर्डर दिया तथा आरोपिया शानु पुरोहित और आवेदक गोपाल पाटीदार के मध्य हुई रिश्वत संबंधी बातचीत की रिकॉर्डिंग कराई गई। रिश्वत संबंधी बातचीत के दौरान आरोपिया शानु पुरोहित ने कहा कि मकान के पट्टे के नामातंरण के कागजात तैयार कर दिए है, तुम एक हजार रूपए लेकर 2-3 दिन में आ जाना और मकान के पट्टे का नामातंरण ले जाना।
तत्पश्चात रिश्वत की मांग प्रमाणित पाए जाने पर, विधिवत ट्रैप कार्यवाही दिनांक 14.02.2019 को ग्राम पंचायत मचुन जिला रतलाम से आरोपिया शानु पुरोहित को आवेदक गोपाल पाटीदार से 1000/- रूपए रिश्वत लेते हुऐ लोकायुक्त के निरीक्षक अंतिम पंवार के द्वारा ट्रेप किया गया। आवेदक गोपाल पाटीदार ने निरीक्षक अंतिम पंवार को बताया कि उसने रिश्वत के रूपये आरोपिया शानु पुरोहित, तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत मचुन के मांगने पर उसके हाथ में दिये है, जो उसने अपने लेडिस पर्स में रख लिए है। निरीक्षक अंतिम पंवार ने विज्ञप्त पंच साक्षी डा. रतनलाल कटारिया से कहा कि वे आरोपिया शानु पुरोहित, ग्राम पंचायत मचुन से पूछे कि आवेदक गोपाल पाटीदार से ली रिश्वत राशि कहा रखी है तो आरोपिया शानु पुरोहित द्वारा बताया गया कि गोपाल पाटीदार से 1000/- रूपए अपने हाथों में लेकर टेबल पर रखे हुऐ अपने लेडिस पर्स में रख लिए है। इसके बाद विज्ञप्त पंच डा. रतनलाल कटारिया ने आरोपिया शानु पुरोहित के टेबल पर रखे लेडिस पर्स को खोलकर उसमें से रिश्वत के रूपए निकाले और गिने तो 500 रूपए का एक नोट व 100-100 रूपए के 5 नोट कुल 1000/- रूपए निकले।
इन करेंसी नोटो के नंबरों का मिलान किए जाने पर ये नोट वही नोट पाए गए, जो लोकायुक्त कार्यालय में फिनाफ्थीलीन पावडर लगाकर आवेदक गोपाल पाटीदार की जेब में रखवाए गए थे। मौके पर आरोपिया शानु पुरोहित के हाथों को सोडियम कार्बोनेट पाउडर के घोल में धुलवाया गया तो घोल का रंग गुलाबी हो गया। एफ.एस.एल. द्वारा रासायनिक परीक्षण में आरोपिया के हाथ धुलवाने के घोल और उसके लेडिस पर्स जहां रिश्वत की राशि रखी गई थी के पोछन के घोल में फिनाफ्थलीन का परीक्षण धनात्मक पाया था।
विवेचना में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी के विरूद्ध अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन द्वारा आरोपिया के विरुद्ध अभियोग पत्र विशेष न्यायालय रतलाम में दिनांक 28.06.2023 को अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। जिसमें विचारण उपरांत विशेष न्यायालय रतलाम द्वारा आरोपिया शानु पुरोहित, उम्र 25 वर्ष, ग्राम पंचायत मचुन, तहसील पिपलौदा जिला रतलाम को दोषसिद्ध किया गया। शासन की ओर से प्रकरण में पैरवी श्री कृष्णकांत चैहान, विशेष लोक अभियोजक (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के द्वारा की गई है।