सफलता की कहानी – जनसुनवाई में दौलत राम की समस्या का निराकरण हुआ

रतलाम । रतलाम जिले में जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के निराकरण में कारगर साबित हो रही है। विगत दिनों ग्राम बिलपांक निवासी दौलतराम पाटीदार अपनी समस्या को लेकर जनसुनवाई में आए। कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्या का निराकरण समय सीमा में कर दिया।
दौलत राम ने शिकायत में बताया था कि उसका खेत धराड़ अंतर्गत बिलपांक रोड पर स्थित है, खेत में सिंचाई के लिए एक ट्यूबवेल विद्युत कनेक्शन सहित स्थापित है। ट्यूबवेल के ऊपर से विंड पावर की 33 केवी लाइन गुजर रही है। जब ट्यूबवेल की मोटर खराब हो जाती है तो मोटर को निकाला जाना संभव नहीं होता है। आवेदक दौलत राम ने 33 केवी लाइन को हटाए जाने का अनुरोध किया था।
आवेदन पर कलेक्टर श्री बाथम द्वारा विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को दौलत राम की समस्या के निराकरण के निर्देश देने पर विद्युत अधिकारियों द्वारा मौका निरीक्षण किया गया इसके बाद संबंधित कंपनी अदानी ग्रीन एनर्जी के संबंधित प्रतिनिधियों से संपर्क कर विद्युत लाइन जो काफी नीचे थी इसकी हाईट ऊंची करवा दी गई। इससे दौलत राम की समस्या का निराकरण हो गया दौलत राम ने लिखित में भी बता दिया है कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है, उसके द्वारा इस बाबत सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत नंबर 30291864 की गई थी। निराकरण के पश्चात सीएम हेल्पलाइन की शिकायत भी संतुष्टि पूर्वक 15 फरवरी को बंद कर दी गई।