बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को किया जाएगा पुरस्कृत
रतलाम । पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा जिले के पुलिस अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा हेतु प्रधान आरक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक साप्ताहिक डायरी का अवलोकन कर यह जांचा जा रहा है कि उन्होंने सप्ताह में क्या-क्या काम किया। पुलिस अधीक्षक स्वयं अवलोकन कर पुलिस के काम का साप्ताहिक मूल्यांकन कर रहे है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने पुलिस महकमें में कसावट लाने के लिए साप्ताहिक डायरियों के अनुसार लगातार संतोषप्रद कार्यवाही नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कारवाई करने की चेतावनी दी है।
क्या है साप्ताहिक डायरी ?
थाने पर मौजूद प्रधान आरक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक को प्रतिदिन के काम की डायरी लिखना होती है। कर्मचारी/अधिकारी ने क्या काम किया ?, कितनी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की ?, किस मामले में क्या विवेचना की ?, कौन-सा जुआं सट्टा पकड़ा ? अवैध शराब पकड़ी या और भी कोई कार्य जो ड्यूटी के दौरान उन्होंने किया है वह डायरी में लिखना होता है। डायरी पर थाना प्रभारी की टिप के साथ पुलिस अधीक्षक के पास भेजा जाता है। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रधान आरक्षक से लेकर उपनिरीक्षक तक के अधिकारियों के कामकाज का साप्ताहिक मूल्यांकन किया जाता है। थाना प्रभारी को हर 15 दिन में डायरी लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत होना होता है।
पुलिस अधीक्षक डायरी की समीक्षा कर कामकाज के आधार पर प्रधान आरक्षक से लेकर अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन करते है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा जिले में साप्ताहिक डायरी के मूल्यांकन के आधार पर बेहतर कारवाई करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रति सप्ताह सर्विस रिकॉर्ड में नकद पुरस्कार या प्रशंसा से पुरस्कृत किया जाता है। वहीं कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले एवं अपेक्षित कार्यवाही नहीं करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सर्विस रिकॉर्ड में निंदा/ सजा अंकित की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को और बेहतर करने तथा पुलिस के कार्यों में और अधिक कसावट लाने के प्रयास जारी है। इसी अनुक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेताया है कि साप्ताहिक डायरी में लगातार अपेक्षानुरूप कार्यवाही नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय करवाई की जाएगी। तथा जिन पुलिस अधिकारियों द्वारा साप्ताहिक डायरी ने लगातार अच्छा कार्य किया जा रहा है उनको पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा साप्ताहिक डायरियों का अवलोकन करते अभी तक 43 अधिकारियों/कर्मचारियों को नगद पुरस्कार, 464अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशंसा, 458 अधिकारियों/कर्मचारियों को चेतावनी एवं 253 कर्मचारियों को निंदा एवं 14 कर्मचारियों को अर्थदंड के दंड से दंडित किया है।