रतलाम । किसी परिवार के मुखिया की अकस्मात मृत्यु हो जाए तो उस परिवार की हालत क्या होगी और जब कमाई का कोई साधन भी नहीं हो तो और ज्यादा जीवन दूभर हो जाता है। ऐसी ही हालत ग्राम दंतोड़ा की रहने वाली अनीता डामर और उसके परिवार की हुई, जब अनीता के पति अनिल की विगत वर्ष दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, साथ ही बच्चों के लालन-पालन पर संकट आन पड़ा।
विगत दिनों मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा अनीता के बैंक खाते में 4 लाख रूपए संबल योजना के तहत अंतरित किए गए तो अनीता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। अनीता बताती है कि पति की मृत्यु के पश्चात तीन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और खाने-पीने की परेशानियां आ गई। अनीता मजदूरी करती है लेकिन इतनी कमाई नहीं हो पाती की बच्चों की ढंग से पढ़ाई हो मुसीबत भरे दिनों में अनीता का साथ संबल योजना ने दिया। उसका नाम हितग्राहियों की सूची में पंजीकृत किया गया। 19 जनवरी को प्रदेश के हजारों हितग्राहियों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा जनकल्याण योजना संबल द्वारा अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई, उन हितग्राहियों में अनीता भी शामिल है उसके खाते में भी 4 लाख रुपए अंतरित किए गए।
अनीता कहती है कि मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद। संबल योजना से मिली राशि से अब उसके परिवार में खुशहाली आ जाएगी, घर-गृहस्थी के सामान खरीदने की परेशानी भी दूर हो गई। सामान खरीदने के लिए पैसा आ गया है, बच्चों की पढ़ाई में भी अब परेशानी नहीं आएगी अब उनके बच्चे अच्छा जीवन जी सकेंगे, टेंशन दूर हो गया है।