तेजाजी मेले में खुब जमा कवि सम्मेलन

कवियों ने अपनी रचनाओं से खुब दाद बटौरी

रतलाम 2 सितम्बर । नगर निगम द्वारा 31 अगस्त से 2 सितम्बर तक रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय तेजाजी मेले के दूसरे दिन निगम रंगमंच पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को देर रात तक रोके रखकर खुब दाद बटौरी।
निम्बाहेड़ा से आये हास्य कवि गोपाल धुरंधर ने अपनी कविता में कहा –
गोपाल धुरन्धर का सिधा तर्क है,
जिस घर बेटी नही वो घर नर्क है।

उत्तर प्रदेश रायबरेली से आई कवियत्री कोमल नाजुक ने अपनी कविता में कहा –
कुंज गलियों में ऐसी बांसुरी बजाई श्याम,
सुध बुध सब बिसरा गई हैं गोपियां!

बांसुरी की धुन सुन भूल गईं सारे गुन,
दौड़ी दौड़ी नंगे पांव आ गईं हैं गोपियां

बरमंडल से आये कवि पंकज दुप्पल ने अपनी कविता में कुछ यूं कहा –
500 वर्षों की सेवा का त्याग का तपस्या का यह अभियान है
जब तक राम है तब तक हिंदुस्तान।

श्री रोकड़िया हनुमानजी से आये कवि विजय सिंह विद्रोही ने अपनी कविता पाठ करते हुए कहा कि –
मेवाड़ी माटी हल्दीघाटी सी पावन पवित्र स्वाभिमान की अमिट छाप छाप दीजिए
छाप पे छपी स्मृतियां वीरों के रक्त से सनी
शिलाएं मातृभूमि का ताप छाप दीजिए
ताप से तपते चेतक महान के पद चिन्हों की रंगोलिया मंत्र जाप छाप दीजिए
जाप राष्ट्र गान के,प्रतीक है जो त्याग के
एकलिंग दीवान प्रताप छाप दीजिए

भीलवाड़ा से आये हास्य कवि दिनेश बंटी ने बैंड बाजे वालों की पीड़ाओं पर हास्य कविता सुनाते हुए कहा कि
हालांकि ई दुनिया मे सब एक दूसरा को बजा रिया है
बाजो मगर है भगवान अगला जन्म मे बैंड बाजा वालो मत बणाजो

रतलाम के कवि दर्शन लौहार ने अपनी कविता में कुछ यूं कहा –
देश के गद्दार तुम अब तो सुधर जाओ तुम्हारे हर एक वार का प्रतिकार हूं
और महाराणा प्रताप के लिए हल्दीघाटी के युद्ध में तलवारे बनाने वाला में वही लौहार हूं

बड़ी सादड़ी से आये कवि नन्द किशोर ‘अखिलेश’ ने अपनी कविता में कुछ यूं कहा कि –
कारे कान्ह जू ने जाने केसों जादू कीन्हो ।
गोरी गोपियों को भी अब कारो श्याम भावे है।।
राधा जी ने छुई जब छुई मुई हुई तब ,
बिना ही बजाए तब बज गई बाँसुरी।।
कामना और काम सब श्याम में विलीन हुए,
जब मोहन मुरलियाँ की तान लेके आगया।।

प्रारंभ में आमंत्रित कवियों का स्वागत महापौर प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैयालाल मौर्य, सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास, क्षेत्रिय पार्षद अक्षय संघवी, श्रीमती प्रीति कसेरा, महापौर परिशद सदस्य मनोहरलाल राजू सोनी, सामान्य प्रशासन समिति सदस्य परमानन्द योगी, पार्षद रणजीत टांक, योगेश पापटवाल, पार्षद प्रतिनिधि संजय कसेरा आदि ने पुष्पहार व पुष्प गुच्छ से किया।