
रतलाम, । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत आज 19 सितम्बर को आम जनता में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में मैराथन, साइकिल रैली, वॉकथॉन सहित गहन सफाई अभियान शामिल रहे।
रतलाम में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से रेलवे फुटबॉल ग्राउंड तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। इस अवसर पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, खेलकर्मी (स्पोर्ट्स पर्सन), वरिष्ठ नागरिक सहित 150 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया ।
इसी क्रम में इंदौर में लगभग 35 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होकर कोचिंग डिपो इंदौर से इंदौर रेलवे स्टेशन तक साइकिल रैली में सहभागी बने।
साथ ही कोचिंग केयर सेंटर डॉ. अंबेडकर नगर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वॉकथॉन आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त मंडल के उज्जैन, नागदा, नीमच, चित्तौड़गढ़, दाहोद, देवास सहित अन्य स्टेशनों पर भी स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता हेतु इसी प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जन-जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों एवं कार्यशालाओं में चिन्हित यूनिटों की गहन सफाई कराई गई, जिससे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके।