

रतलाम। सर्वपितृ अमावस्या पर रविवार को वाघेला गौ सेवा जीव दया समिति द्वारा नगर की प्रमुख महिला मंडलों और गाय की गाड़ी से जुड़ी 300 कॉलोनियों की महिलाओं के सहयोग से सामूहिक श्राद्ध कर्म का आयोजन किया गया।
आयोजन में शहर के अन्नपूर्णा वृद्धाश्रम, ईश प्रेम बस्ती तथा काटजु नगर स्थित निर्मला भवन वृद्धाश्रम के वृद्धजनों ने अपने पितरों का श्राद्ध कर्म किया। समिति प्रमुख दिनेश वाघेला ने सदस्यों के साथ मिलकर उन वृद्धजनों का भी श्राद्ध किया जिनकी मृत्यु वृद्धाश्रम में हो चुकी थी। श्राद्ध कर्म के बाद वृद्धाश्रमों के सभी वृद्धजन और गौशाला में सेवा देने वाले भक्तों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। भोज में रबड़ी के मालपुए, ड्राई फ्रूट खीर, आलू-छोले की सब्जी, उड़द-चना दाल-चावल, आलू बड़ा, रोटी-पुरी सहित अनेक व्यंजन परोसे गए।
अमावस्या के उपलक्ष्य में गौशालाओं में हरा चारा भी गौमाताओं को खिलाया गया। आयोजन में दिनेश वाघेला, नंदकिशोर सोनवा, महावीर सिंह शक्तावत, बाबूलाल सिसोदिया, कैलाश सोमानी, रामबाबू यादव, राजकुमार पंजाबी, गोपाल कृष्ण मेहता, श्याम सुंदर उपाध्याय, राजू हॉकी, महेश ओझा, ईश्वर बोहरा, राजकुमार हाडा सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य मौजूद रहे। महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती श्यामा वाघेला, शकुंतला सिसोदिया, आशा भट्ट, कोकिला ओझा, सोनू राठौर, रेखा शर्मा, मनोरमा शर्मा, इंदु भट्ट, शकुंतला पाठक, शकुंतला भट्ट आदि महिलाओं ने भी आयोजन में सेवा दी।