दीप मिलन समारोह में उमड़ी आत्मिक दिव्यता — “कदम रखते ही विचार परिवर्तित हो जाते हैं”

रतलाम।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भाग्योदय भवन सेवा केंद्र, जावरा रोड, गौरव पैलेस कॉलोनी में दीपोत्सव के पावन पर्व पर “दीप मिलन समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि बहन कुसुम जी चाहर (शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस महासचिव) ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा —
“मैंने माउंट आबू में 25 वर्ष पूर्व जो आत्मिक शांति और पवित्रता अनुभव की थी, वही अनुभूति आज रतलाम के इस भाग्योदय भवन में कदम रखते ही हुई। यहाँ का वातावरण इतना दिव्य है कि विचार स्वयं बदलने लगते हैं।”
अध्यक्षता करते हुए राजयोगिनी बहन मनोरमा दीदी ने कहा — “जैसे दीपावली पर लक्ष्मी पूजन से पूर्व घर की सफाई आवश्यक होती है, वैसे ही यदि हमें इस धरा पर लक्ष्मी-नारायण जैसा स्वर्णिम राज्य लाना है तो पहले हमें अपने मन को ईर्ष्या, द्वेष और नकारात्मक भावों से मुक्त कर स्वच्छ बनाना होगा। स्वच्छ मन से ही पृथ्वी पुनः स्वर्ग बन सकती है।”
विशेष अतिथि श्री संजय जी छाजेड़ (कोषाध्यक्ष, सर्राफा एसोसिएशन) ने कहा — “आज प्रातःकाल इस पावन स्थान पर पहुँचना शुभ संकेत का प्रतीक है।”
भ्राता गजेंद्र सिंह चाहर (सिक्किम बोर्ड कोऑर्डिनेटर, सीनियर लेक्चरार ) ने कहा —“अनुशासन और विश्वास जीवन की सफलता के दो स्तंभ हैं — और मैंने यहाँ इन दोनों का सुंदर संगम देखा।”
श्री रामबाबू शर्मा जी ने कहा — “शर्मा परिवार एवं योगेन्द्र सागर कॉलेज परिवार की ओर से दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ।”
कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मी-नारायण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित सभी भाई-बहनों ने दिव्यता और उमंग के साथ दीपोत्सव पर्व मनाया।

Play sound