लायंस क्लब जावरा द्वारा पहला नेत्रदान सम्पन्न, शहर में अब तत्काल नेत्रदान हेतु लायंस टीम के सेवा उपलब्ध

जावरा (अभय सुराणा)। “नेत्रदान महादान” के संकल्प को साकार करते हुए नया प्रकल्प नेत्र संग्रहण केंद्र के माध्यम से लायंस क्लब जावरा ने एक प्रेरणादायी पहल के तहत समाजसेवी नेत्रदानी स्व. सुभाष जी पटवा का नेत्रदान सम्पन्न करवाया। संस्था की टीम ने त्वरित रूप से नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया पूरी कर दो व्यक्तियों को नेत्र ज्योति का नया जीवन प्रदान किया।
नेत्र उत्सर्जन कार्य लायंस नेत्र चिकित्सालय की मेडिकल टीम तथा लायंस क्लब जावरा में कार्यरत डॉक्टर यश हाड़ा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान पटवा परिवार ने अपनी सहमति देकर अत्यंत संवेदनशील व प्रेरक निर्णय लिया, जिसके लिए पूरे परिवार को लायंस क्लब जावरा की ओर से साधुवाद प्रेषित किया गया। इस धार्मिक व मानवसेवी कृत्य में पूर्वाध्यक्ष लायन विजय पामेचा एवं समाजसेवी गुड्डू पामेचा ने अग्रणी व प्रेरक भूमिका निभाई।
लायंस क्लब जावरा के अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट ने बताया कि संस्था के द्वारा पूर्व में सात नेत्रदान संपन्न कराया गया था परंतु हर बार बाहर से टीम को बुलाना पड़ता था वे सभी टीम भी साधुवाद की पात्र है जो इतनी सेवाएं दे रही है लेकिन संस्था अब स्वयं की टीम के माध्यम से कार्य कर पुण्य कार्य में सहभागिता निभाएगी।
“अब जावरा शहर में नेत्रदान हेतु किसी भी प्रकार का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यदि कोई भी सामाजिक संस्था या परिवारजन नेत्रदान की इच्छा व्यक्त करते हैं, तो लायंस क्लब की टीम तत्काल पहुंचकर संपूर्ण प्रक्रिया उपलब्ध कराएगी।”
इस अवसर पर समिति चेयरमैन लायन मनीष कोचर, पूर्वाध्यक्ष लायन विजय पामेचा, पिंकेश मेहरा, विजय राठौर,सहित अनेक लायन साथी, कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्व. सुभाष जी पटवा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की तथा नेत्रदान जागरूकता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संस्था द्वारा इस सत्र का दूसरा एवं स्वयं की टीम के द्वारा प्रथम नेत्रदान के सफल संचालन से जावरा में मानवीय सेवा की एक नई मिसाल स्थापित हुई है, जो समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का महत्वपूर्ण संदेश देती है।