युवक-युवती परिचय सम्मेलन में लड़कियां बिंदास बोलीं लड़के सकुचाए

इंदौर-ढाबली गांव में नवयुवक क्षत्रिय खंगार ठाकुर समाज का परिचय सम्मेलन में प्रदेशभर से आए समाजजन

इंदौर। अपने लिए योग्य जीवनसाथी की तलाश में पहुंचे युवक-युवतियों ने मंच पर खुलकर अपना परिचय प्रस्तुत किया, लेकिन इसमें लड़कियों ने बिना झिझक बिंदास अपना परिचय दिया तो लड़कों में झिझक देखी गई। युवक-युवती परिचय सम्मेलन में आए परिजनों ने भी समाजजनों से अपना परिचय साझा किया। यह अवसर था विगत दिनों मांगलिया के समीप ढाबली गांव के शासकीय स्कूल परिसर में आहूत नवयुवक क्षत्रिय खंगार ठाकुर समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन का। इस सम्मेलन में इंदौर, उज्जैन, देवास, तराना, महेश्वर, उमरीखेड़ा, भोपाल आदि स्थानों से खंगार क्षत्रिय समाज के वरिष्ठजन और विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल हुईं। बड़ी संख्या में आए समाजजनों ने जहां एक-दूसरे से अपना परिचय प्राप्त किया। वहीं युवक-युवतियों ने मंच साझा कर विचार व्यक्त कर अपने बारे में जानकारी दी। दोपहर दो बजे से आरंभ हुए इस सम्मेलन में सैकड़ों युवक-युवतियों के आवेदन प्राप्त हुए। संस्था के अध्यक्ष पंकज परिहार ने बताया कि इन प्राप्त आवेदनों की डिजिटल स्मारिका प्रकाशित कर समाजजनों को डिजिटली वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे उन्हें अपने विवाह योग्य बच्चों के लिए बेहतर जीवन साथी तलाशने में मदद मिलेगी। परिहार ने बताया कि सम्मेलन में इंदौर जिले की समाज की सभी समितियों को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम में नवयुवक क्षत्रिय खंगार ठाकुर समाज के उपाध्यक्ष धनसिंह परिहार, ममता कनेरिया, सचिव विकास परिहार, सह सचिव श्याम गोइया, प्रचार मंत्री बलराम परिहार, सह प्रचार मंत्री सुनील परिहार, मीडिया प्रभारी दीपक परिहार, सह मीडिया प्रभारी प्रवीण परिहार, व्यवस्था प्रबंधक पिंटू परिहार, सह व्यवस्था प्रबंधक सत्यनारायण ठाकुर का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक राजा गोइया, मनोहर ठाकुर, रणधीरसिंह ठाकुर, सुरेश परिहार का मार्गदर्शन भी मिला। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी द्रुपालसिंह ठाकुर, यशवंतसिंह शिवरे, लाखनसिंह ठाकुर, सन्नी शिवरे, नेमीचंद तारे, अमृतलाल ठाकुर, मनोज परिहार सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उज्जैन से आए विजयसिंह ठाकुर ने किया। आभार संस्था अध्यक्ष पंकज परिहार ने माना।