पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में रतलाम पुलिस पूर्ण मुस्तैदी से तैनात

रतलाम | नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक महोदय श्री कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के नेतृत्व में रतलाम पुलिस द्वारा व्यापक एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नववर्ष के दृष्टिगत दिनांक 28.12.25 की रात्रि से ही रात्रिकालीन सघन चेकिंग एवं गश्त को और अधिक प्रभावी किया जाए। सभी रैंक के अधिकारी स्वयं फील्ड में उपस्थित रहकर सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे।
प्रमुख दिशा-निर्देश एवं कार्रवाई बिंदु—
▪️ रात्रि में सघन वाहन चेकिंग एवं पैदल/मोबाइल गश्त बढ़ाई गई है।
▪️ नशे में वाहन चलाने (Drunk and Drive), तेज रफ्तार ड्राइविंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
▪️ प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
▪️ बाजार, होटल, रिसॉर्ट, मंदिरों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
▪️ सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों एवं शांति भंग करने वाले तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
रतलाम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया एवं तकनीकी माध्यमों से भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक गतिविधि अथवा कानून-विरोधी कृत्य पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
रतलाम पुलिस की आमजन से अपील
रतलाम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कानून के दायरे में रहकर करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बनाए रखें तथा स्वयं जागरूक रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।