


रतलाम। वर्ष के प्रथम दिवस पर पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने पश्चिम रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रतलाम का निरीक्षण किया और विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का अवलोकन किया।
पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रतलाम में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री कुमार ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं अध्यक्ष रेलवे शाला श्री अविनाश कुमार की उपस्थिति में ओस्तवाल समूह द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत प्रदत्त पाँच (5) इंटरैक्टिव डिजिटल बोर्ड्स विद्यालय को समर्पित किए। इन अत्याधुनिक बोर्ड्स उपलब्ध करने मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति में सुझाई गई शिक्षण पद्धति के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से शिक्षण में सहायक वातावरण उपलब्ध कराना है।
श्री अश्वनी कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद कर यह जाना कि ये डिजिटल बोर्ड उनके अध्ययन और अध्यापन को किस प्रकार अधिक प्रभावी एवं रोचक बना सकते हैं। छात्रों की उत्साही प्रतिक्रियाएँ सुनकर उन्होंने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और उनके जोश एवं सीखने की लगन की सराहना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, विद्यालय के प्राचार्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। नई उम्मीदों और ऊर्जा से भरपूर इस शुभ अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोली सजाई और उल्लासपूर्वक नववर्ष का स्वागत किया।