लायंस क्लब जावरा द्वारा चौथा नेत्रदान संपन्न

जावरा (अभय सुराणा) । लायंस क्लब जावरा के डॉ. यश हाड़ा एवं लायंस क्लब की प्रशिक्षित टीम के माध्यम से सत्र का चौथा नेत्रदान संपन्न हुआ । यह पुनीत नेत्रदान महादान नेत्रदानी स्वर्गीय श्री अनिल जी धारीवाल के पुण्य स्मरण में संपन्न हुआ। इस महान मानवीय निर्णय के माध्यम से दो नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि का नया जीवन प्राप्त होगा। इस प्रेरणादायी नेत्रदान में लायन विरेंद्र सिसोदिया की भूमिका सराहनीय रही।
नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया संस्था के अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट एवं नेत्रदान प्रकल्प समिति के चेयरमैन लायन मनीष जी कोचर की उपस्थिति में विधिवत रूप से संपन्न हुई। नेत्रदान के दौरान संस्था के अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट द्वारा स्वर्गीय श्री अनिल जी धारीवाल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा धारीवाल परिवार को इस महान मानवीय निर्णय के लिए साधुवाद प्रेषित किया गया।
लायंस क्लब जावरा द्वारा “नेत्रदान महादान” की भावना को समाज में जागृत करने हेतु निरंतर जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज नेत्रदान जैसा महान सेवा कार्य संभव हो पाया। इस सेवा प्रकल्प में संस्था के सभी सदस्यगण समर्पण भाव से सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।
नेत्रदानी धारीवाल परिवार को लायंस क्लब जावरा की ओर से साधुवाद, जिन्होंने अत्यंत कठिन समय में मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए नेत्रदान हेतु सहमति प्रदान की। उनका यह प्रेरणादायी निर्णय न केवल मानव सेवा को सशक्त करता है, बल्कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।