- निगम द्वारा शहर की पेयजल टंकियो की सफाई कार्य दो माह पूर्व ही पूर्ण किया गया था
- गन्दे पानी की शिकायतों का तत्परता से किया जा रहा है निराकरण


रतलाम 5 जनवरी । नगर के प्रत्येक नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन जी यादव द्वारा प्रदेश के सभी महापौर को दिये निर्देश के तहत महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार पेयजल टंकियों की सफाई, पाईप लाईन, वॉल्व लीकेज दुरस्तीकरण, मोरवानी फिल्टर प्लांट की साफ-सफाई आदि के कार्य त्वरित गति से करवाये जा रहे है।
महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि नगर निगम रतलाम द्वारा नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराये जाने का कार्य पहले से ही किया जा रहा है जिसके तहत नगर की 50 पेयजल टंकियों की सफाई का कार्य दो से तीन माह पूर्व ही करवा दिया गया था। गन्दे पानी की समस्या के निदान हेतु नगर निगम द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा रही है जिसके तहत मोरवानी स्थित पुराने फिल्टर प्लांट फिल्टर मिडीया को साफ करवाया जा रहा है एवं फिल्टर मिडीया की उपरी परत को बदलने का कार्य प्रचलित है।
पुराने फिल्टर प्लांट की क्लेरीफ्लोकीलेट की सफाई का कार्य पूर्व में 6 दिसम्बर को कराया जा चुका है। इसके अलावा गंदे पानी की शिकायत मिलने पर 6 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में मोरवानी फिल्टर की सफाई का कार्य होने से थोड़ा मटमैला पानी आ रहा है जो सफाई उपरांत सही हो जायेगा।
उन्होने बताया कि शहर की जनता को साफ-स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिये नगर निगम तत्परता से कार्य कर रही है, गन्दे पानी की समस्या के निदान के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे शिकायत मिलने पर समस्या का निराकरण भी किया जा रहा है।
जल उपभोक्ताओं से भी अपील है कि वे अपने नल संयोजन को चेक करें कि पाईप लाईन लीकेज तो नहीं है अगर है तो तत्काल अपने नल संयोजन को दुरस्त करावें, एक नल संयोजन के लीकेज से पुरे क्षेत्र में गन्दे पानी की समस्या उत्पन्न होती है।