
रतलाम । नेत्रदान के क्षेत्र में जनजागरूकता एवं सेवा के लिए समर्पित नेत्रम संस्था के सतत प्रयासों से रतलाम शहर में एक और सफल नेत्रदान संपन्न हुआ। इस पुण्य कार्य से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नया जीवन और दृष्टि मिलने की आशा जगी है।
दीनदयाल नगर निवासी स्व. भगवानलाल राठौर के निधन के उपरांत उनके पुत्र प्रवीण राठौर एवं परिजनों ने प्रमोद बिंदल, गोपाल राठौर (पतरावाला) एवं कृष्णा सोनी की प्रेरणा से नेत्रदान का निर्णय लिया।
नेत्रम संस्था के हेमंत मूणत ने जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की सहमति प्राप्त होते ही रतलाम मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा को सूचना दी गई। उनके निर्देशन में नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसर राजवंत सिंह, विनोद कुशवाह एवं दीपक सेन के सहयोग से नेत्रदान की प्रक्रिया को मध्यरात्रि में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय यह रहा कि दिवंगत के निवास स्थान तक मेडिकल टीम को पहुंचाने एवं पुनः मेडिकल कॉलेज ले जाने की संपूर्ण व्यवस्था नेत्रम संस्था के सदस्य शलभ अग्रवाल द्वारा अपने निजी वाहन से की गई।
नेत्रदान के दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने कार्निया लेने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जिससे नेत्रदान को लेकर उनकी भ्रांतियाँ दूर हुईं और उन्होंने भविष्य में नेत्रदान कराने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर नेत्रम संस्था एवं डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज, शासकीय नेत्र बैंक द्वारा परोपकारी परिवार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके मानवीय योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही देहदान एवं नेत्रदान की महत्ता पर बल देते हुए जनजागरूकता अभियान को और अधिक गति देने का संकल्प लिया गया।
नेत्रदान हेतु संपर्क:
नेत्रम संस्था नेत्रदान के लिए 24×7 सेवा एवं सहायता हेतु सदैव उपलब्ध रहती है। नेत्रदान संबंधी जानकारी या सहयोग के लिए नेत्रम संस्था से किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।