अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सभा जोधपुर में संपन्न

रतलाम। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी सभा जोधपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सभा की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन आदरणीय सुनील सिंधी ने की, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेशभाई शाह (पुणे) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी सभा में भगवान आदिनाथ के जन्म एवं दीक्षा कल्याणक को पूरे देश में भव्य रूप से मनाने, साधु-साध्वी भगवंतों के बिहार (विहार) के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साधार्मिक भक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अभियान, संगठन पर्व, प्रवास व्यवस्था सहित अनेक सामाजिक व धार्मिक विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की गई।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश युवक महासंघ की रतलाम इकाई से राजेश रांका, निलेश चोरड़िया एवं राजेंद्र दरड़ा को पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया। मनोनीत सदस्यों ने संगठन की मजबूती एवं देशभर में संगठन को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु एक कार्ययोजना तैयार कर राष्ट्रीय पदाधिकारियों को सुझाव पत्र सौंपा।
सभा में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु सहित विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। जैन समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष अनिल दसेड़ा (जावरा) एवं राष्ट्रीय महामंत्री सुनील गांग (इंदौर) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *