सुरक्षित इन्टरनेट दिवस – 2026 पर आईटीआई रतलाम में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

रतलाम 10 फरवरी । विश्व स्तर पर प्रतिवर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाए जाने वाले सुरक्षित इन्टरनेट दिवस के अवसर पर इस वर्ष की सुरक्षित इन्टरनेट दिवस की थीम “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” पर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रतलाम में एक साइबर जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) रतलाम श्री श्रेय भावसार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में आईटीआई प्राचार्य श्री यू. पी. अहिरवार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, एआई से जुड़े सामान्य साइबर खतरे एवं साइबर स्वच्छता उपाय के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, छात्रों को फिशिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, डीपफेक, साइबर बुलिंग, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियां तथा डिजिटल फुटप्रिंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जागरूक किया गया।
साथ ही, विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *