
रतलाम 14 फरवरी । मातृ–पितृ पूजन दिवस एवं महाशिवरात्रि महापर्व के पावन उपलक्ष्य में मांगल्य मन्दिर धर्म क्षेत्र पर 15 फरवरी, रविवार को एक भव्य एवं संस्कारमय आध्यात्मिक उत्सव होगा। इस अवसर पर पार्थिव शिवलिंग पूजन हेतु पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण तथा मातृ–पितृ पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अभिमंत्रित रुद्राक्ष का भी वितरण
श्री योग वेदांत सेवा समिति – युवा सेवा संघ द्वारा मांगल्य मन्दिर धर्म क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण भारत की प्रतिष्ठित परंपरा शृंगेरी मठ पूज्य दंडी स्वामी श्री आत्मानंद जी सरस्वती की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।महर्षि संजय शिवशंकर दवे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार से अभिमंत्रित रुद्राक्ष का भी श्रद्धालुओं में वितरण किया जाएगा, जिससे उपस्थित जन आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आशीर्वाद का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
सम्मान और श्रध्दाभाव प्रकटीकरण
पार्थिव शिवलिंग पूजन जगन्नाथ पुरी के विद्वान संयमी ब्राह्मण देव श्री शारदा प्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक संपन्न होगा। वैदिक रीति से संपन्न होने वाला यह पूजन भक्तों को भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता, सम्मान, सेवा श्रध्दाभाव प्रकट करने का सुअवसर प्रदान करेगा।
आध्यात्मिक जागरण पर्व
मातृ–पितृ पूजन दिवस का उद्देश्य भारतीय संस्कृति में माता-पिता के सर्वोच्च स्थान को पुनर्स्मरण कराना एवं नई पीढ़ी में संस्कारों का संचार करना है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं रुद्राक्ष वितरण जैसे आयोजन आध्यात्मिक जागरण और पारिवारिक एकता का सशक्त माध्यम बनेंगे। आयोजक संस्था ने समस्त श्रद्धालुजनों से आग्रह किया है कि वे अपने इष्टमित्रों एवं परिवार सहित सादर पधारकर इस आध्यात्मिक एवं संस्कारमय अवसर को सफल बनाएं और धर्मलाभ प्राप्त करें।