

जावरा (अभय सुराणा)। लायंस क्लब जावरा के डॉ. यश हाड़ा एवं क्लब की प्रशिक्षित टीम के माध्यम से नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। यह पुनीत कार्य नेत्रदानी स्वर्गीय श्रीमती रजनी जी अरोड़ा के पुण्य स्मरण में संपन्न हुआ। परिवार के इस महान मानवीय निर्णय से दो नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि का नया जीवन प्राप्त होगा।
स्वर्गीय श्रीमती रजनी जी अरोड़ा धर्मनिष्ठ एवं संघर्षशील व्यक्तित्व की धनी थीं। वे लायंस डिस्ट्रिक्ट की सक्रिय एवं समर्पित लेडी लायन लीडर रहीं, पूर्व में लायनेस डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट तथा लायंस क्लब जावरा ओजस की पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लायनवाद एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस प्रेरणादायी नेत्रदान हेतु अरोड़ा परिवार द्वारा संस्था से संपर्क किया गया, जिसमें संपूर्ण परिवार की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। नेत्रदान की प्रक्रिया संस्था के अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट, भारत विकास परिषद् के प्रांतीय नेत्रदान प्रभारी लायन शेखर नाहर एवं नेत्रदान प्रकल्प समिति के चेयरमैन लायन मनीष जी कोचर की उपस्थिति में विधिवत रूप से पूर्ण की गई।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट एवं प्रांतीय नेत्रदान प्रभारी लायन शेखर नाहर द्वारा नेत्रदान स्वर्गीय श्रीमती अरोड़ा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा अरोड़ा परिवार को इस महान निर्णय के लिए साधुवाद प्रेषित किया गया।
लायंस क्लब जावरा एवं भारत विकास परिषद के द्वारा “नेत्रदान महादान” की भावना को समाज में जागृत करने हेतु निरंतर जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप यह महान सेवा कार्य संभव हो पाया। संस्था के सभी सदस्य इस सेवा प्रकल्प में समर्पण भाव से सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।
नेत्रदान के इस पुण्य कार्य में पूर्व अध्यक्ष लायन घनश्याम रामनानी, लायन गोपाल सेठिया, लायन अनिल काला, लायन नितिराज सिंह सोलंकी, लायन विजय राठौर, लायन अनूप शर्मा, लायन अजय चौरसिया, आई.पी. त्रिवेदी, महेंद्र गंगवाल, अजय करनावट, यशवंत सोलंकी, वीरेंद्र सिंह तोमर, सी.एम. मेहता सहित अनेक लायन सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लायंस क्लब जावरा एवं भारत विकास परिषद जावरा की ओर से नेत्रदानी अरोड़ा परिवार को कोटि-कोटि साधुवाद, जिन्होंने अत्यंत कठिन समय में भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए नेत्रदान हेतु सहमति प्रदान की। उनका यह निर्णय समाज में सेवा, संवेदना एवं जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण है। लायंस क्लब जावरा के नेत्र संग्रहण केंद्र प्रकल्प के माध्यम से समाज की कोई भी संस्था या परिवार संपर्क कर इस पुण्य कार्य की सहभागी बन दो लोगों को नेत्र ज्योति जीवन प्रदान कर सकते है।