पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने फरवरी 2026 में रचा कीर्तिमान

फरवरी 2026 में 1.82 मिलियन टन माल लदान, किसी वित्तीय वर्ष में फरवरी माह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

रतलाम, 03 मार्च। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने फरवरी 2026 में माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 1.82 मिलियन टन (एमटी) माल लदान किया है। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में फरवरी माह का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मंडल द्वारा विभिन्न माल ढुलाई मदों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है, जो बेहतर योजना, समन्वय और कुशल परिचालन प्रबंधन का परिणाम है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फरवरी, 2026 में रतलाम मंडल ने खाद्यान, उर्व‍रक एवंपेट्रोलियम पदार्थों के लोडिंग में काफी उल्‍लेखनीय प्रगति हासिल की है, जो इससे संबंधित विभागों के साथ कुशल समन्‍वय का ही प्रतिफल है। फरवरी में खाद्यान्न लदान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। फरवरी 2026 में 38 रेक (0.10 एमटी) लोड किए गए, जो फरवरी 2025 (13 रेक, 0.03 एमटी) की तुलना में टन भार के आधार पर 233 प्रतिशत अधिक है।
उर्वरक लदान में भी निरंतर मजबूती बनी हुई है। फरवरी माह में 44 उर्वरक रेक लोड किए गए। यह लगातार आठवां माह है जब 40 या उससे अधिक उर्वरक रेक का लदान किया गया है। साथ ही 25 फरवरी, 2026 को 126 वैगनों का एक दिवस में सर्वश्रेष्ठ लदान भी प्राप्त किया गया। पेट्रोलियम, ऑयल एवं ल्यूब्रिकेंट (पीओएल) श्रेणी में भी महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई। फरवरी 2026 में 35 रेक (0.09 एमटी) लोड किए गए, जो फरवरी 2025 (17 रेक, 0.04 एमटी) की तुलना में 125 प्रतिशत अधिक है।
इसके अतिरिक्त अन्य वस्तुओं में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। क्लिंकर में रेक आधार पर 1.38 प्रतिशत, कंटेनर में टन भार के आधार पर 16.67 प्रतिशत तथा अन्य विविध मदों में 33.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रतलाम मंडल की यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीम वर्क तथा ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है। मंडल द्वारा भविष्य में भी माल ढुलाई को बढ़ावा देने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए सतत प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *