जिले में 16 मार्च से गेहूं खरीदी के संबंध में किसान संघ पदाधिकारियों की बैठक संपन्न

रतलाम 9 मार्च। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में किसान संघ पदाधिकारियों की उपस्थिति में 16 मार्च से प्रारंभ होने वाली गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में शासन के निर्देशानुसार 16 मार्च से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी प्रारंभ की जाएगी। बैठक में किसान संघ के पदाधिकारियों ने खरीदी के संबंध में अपने सुझाव रखें। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में तौल कांटे, हम्माल,बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण,छलना एवं पेयजल, छाया इत्यादि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सर्वर संबंधी समस्या की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अनुविभाग स्तर पर एसडीएम, मंडी सचिव तथा व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर उपार्जन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । बैठक में नरवाई प्रबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने किसानों को नरवाई जलाने के स्थान पर रीपर मशीन का उपयोग करने के लिए जागरूक करने तथा समझाइश देने के निर्देश अधिकारियों एवं किसान संघो के पदाधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले, उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान, किसान संघ अध्यक्ष श्री ललित पालीवाल,महामंत्री किसान युवा मोर्चा श्री बद्रीलाल चौधरी, किसान संघ के पदाधिकारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *