

रतलाम, 11 मार्च। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधा एवं अधोसंरचनात्मक विकास के क्षेत्र में निरंतर तीव्र गति से कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रतलाम मंडल के मांगलियागांव स्टेशन यार्ड के समीप समपार संख्या 45 के स्थान पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
समपार संख्या 45 के स्थान पर रोड ओवरब्रिज का निर्माण कार्य रतलाम मंडल की गतिशक्ति यूनिट द्वारा किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत फाउंडेशन का कार्य पूर्व में प्रारंभ किया जा चुका है। इस रोड ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों, कॉलोनियों तथा औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को दीर्घकालीन रूप से सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मौसम प्रतिकूल होने एवं स्थानीय यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए कुछ अवधि के लिए कार्य प्रभावित हुआ था। वर्तमान में मौसम की स्थिति अनुकूल होने के पश्चात निर्माण कार्य पुनः आरंभ कर दिया गया है तथा कार्य निर्धारित तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुरूप प्रगति पर है। रोड ओवरब्रिज का डिज़ाइन स्वीकृत कर संबंधित एजेंसी को पूर्व में ही उपलब्ध करा दिया गया है तथा होली त्यौहार के उपरांत निर्माण कार्य को और अधिक तेजी से किया जा रहा है।
निर्माणाधीन ब्रिज के सभी पाइल्स का चिपींग कार्य पूरा कर लिया गया है तथा ब्रिज निर्माण साइट पर 12 मार्च 2026 से स्टील कटिंग के साथ ही अन्य कार्य आरम्भ होगा।
निर्माण कार्य के दौरान रेल प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए गतिशक्ति यूनिट, रतलाम मंडल द्वारा संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि कार्य को पुनर्निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जा सके।
रेलवे प्रशासन का सतत प्रयास है कि निर्माण अवधि के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को न्यूनतम असुविधा हो तथा रोड ओवरब्रिज के पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।